श्याम जाजू बोले, भाजपा का मंत्र अंत्योदय दर्शन और सुशासन
श्याम जाजू ने कहा है कि उत्तराखंड की पांचों सीटें पहले भी भाजपा के पास ही थीं और इस बार चुनाव में भी पांचों सीटें भाजपा ही जीतेगी।
मसूरी, जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और उत्तराखंड प्रभारी श्याम जाजू ने कहा है कि उत्तराखंड की पांचों सीटें पहले भी भाजपा के पास ही थीं और इस बार चुनाव में भी पांचों सीटें भाजपा ही जीतेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का घोषणा पत्र बहुआयामी, सभी विषयों को समेटे हुए, केंद्र सरकार के पांच सालों के कामों का पूरा लेखा-जोखा, महत्वाकांक्षी घोषणा पत्र है। जिसमें समाज के हर वर्ग का खयाल रखा गया है।
श्याम जाजू ने मंगलवार को टिहरी संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह की गांधी चौक में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद मीडिया से बातचीत की। राम मंदिर को भाजपा ने कभी भी चुनावी मुददा नहीं बनाया है और भाजपा की राम मंदिर को लेकर स्पष्ट नीति है। कांग्रेस ने सर्वोच्च न्यायालय में बयान देकर राम मंदिर मामले में निर्णय अभी नहीं करने का आग्रह किया है।
कश्मीर मुद्दे पर एक प्रश्न के उत्तर में श्याम जाजू ने कहा कि एक देश में दो प्रधानमंत्री नहीं बनने देंगे। राष्ट्रवादी लोगों की कश्मीर में भी कोई कमी नहीं है। इससे पूर्व गांधी चौक में भाजपा प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह की चुनावी सभा को उत्तराखंड प्रभारी श्याम जाजू, मसूरी विधायक गणोश जोशी, जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर, मदन मोहन शर्मा, पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल, मुकेश लाल आदि ने संबोधित किया। चुनावी सभा के बाद भाजपाइयों ने गांधी चौक से माल रोड, कुलड़ी बाजार होते हुए पिक्चर पैलेस तक जनसंपर्क भी किया।
यह भी पढ़ें: स्थानीय सोशल मीडिया पर बिखरे कांग्रेस के चुनावी रंग
यह भी पढ़ें: अनिल बलूनी बोले, उत्तराखंड को दर्द देने वाला है कांग्रेस का घोषणा पत्र
यह भी पढ़ें: लोकसभा चुनाव 2019: राज्य लक्ष्मी शाह और प्रीतम के खर्चों में भारी अंतर