विधायक फर्त्याल प्रकरण में कल फैसला लेगी भाजपा, मानसून सत्र में कार्यस्थगन लाने का किया था प्रयास
अपनी ही सरकार के लिए असहज स्थिति उत्पन्न करने वाले भाजपा विधायक पूरन सिंह फर्त्याल पर पार्टी अब शिकंजा कसने की तैयारी में है। इस संबंध में पार्टी के प्रांतीय नेतृत्व ने पूरे प्रकरण से केंद्रीय नेतृत्व को अवगत करा दिया है।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान कार्यस्थगन प्रस्ताव लाने का प्रयास कर अपनी ही सरकार के लिए असहज स्थिति उत्पन्न करने वाले भाजपा विधायक पूरन सिंह फर्त्याल पर पार्टी अब शिकंजा कसने की तैयारी में है। इस संबंध में पार्टी के प्रांतीय नेतृत्व ने पूरे प्रकरण से केंद्रीय नेतृत्व को अवगत करा दिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के अनुसार फत्र्याल मामले में शनिवार को पार्टी द्वारा कोई फैसला लिया जा सकता है।
भाजपा विधायक फत्र्याल टनकपुर-जौलजीबी मोटर मार्ग के टेंडर में गड़बड़झाले के मसले को लेकर लगातार मुखर हैं। पूर्व में वह इस मसले के आलोक में सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को लेकर अंगुली उठा चुके हैं। इसके बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बंशीधर भगत ने उन्हें तलब किया था। इसके बाद भी फर्त्याल ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री को इस प्रकरण में पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की थी।
बुधवार को मानसून सत्र के दौरान सरकार तब सकते में आ गई, जब विधायक फत्र्याल ने इस सड़क के मसले पर कार्यस्थगन की सूचना दी। हालांकि, इसे स्वीकार नहीं किया गया, लेकिन विपक्ष को बैठे-बिठाए मुद्दा मिल गया और उसने इसे लपकने में देरी भी नहीं लगाई। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने आरोप जड़ा कि सत्तापक्ष के विधायक को ही अपनी सरकार पर भरोसा नहीं रहा। विपक्ष द्वारा इस मसले को मुद्दा बनाए जाने के बाद भाजपा ने भी प्रकरण का संज्ञान लिया है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि फर्त्याल के मामले में केंद्रीय नेतृत्व को अवगत करा दिया गया है। एक बार फिर से पार्टी के प्रांतीय नेता भी इस बारे में बैठक करेंगे। शनिवार तक फर्त्याल के मामले में फैसला लिया जाएगा कि उन्हें अनुशासनहीनता को लेकर नोटिस दिया जाए या फिर अन्य कार्रवाई की जानी है।
यह भी पढ़ें: जानिए क्यों भाजपा विधायक फर्त्याल ने अपनी ही सरकार को किया असहज