पार्टी विरोधी बयानबाजी पर सख्त हुई भाजपा
भाजपा प्रदेश नेतृत्व द्वारा निकाय चुनावों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा होने के बाद पनप रहे आक्रोश पर संगठन सकते में है। हालांकि, संगठन ने इससे सख्ती से निपटने का मूड बनाया है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: भाजपा प्रदेश नेतृत्व द्वारा निकाय चुनावों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा होने के बाद पनप रहे आक्रोश पर संगठन सकते में है। हालांकि, संगठन ने इससे सख्ती से निपटने का मूड बनाया है। संगठन अब पार्टी विरोधी बयानबाजी करने वालों को नोटिस देने की तैयारी कर रहा है।
भाजपा संगठन ने बीते रोज चुनावों के लिए 78 निकायों में प्रत्याशियों की घोषणा की थी। पार्टी की मंशा यह थी कि प्रत्याशियों का नाम घोषित होने के बाद सभी कार्यकर्ता इनके समर्थन में काम करना शुरू कर दें। हालांकि, पार्टी के इस निर्णय ने कई दावेदारों को नाराज कर दिया। विशेषकर टिहरी, उत्तरकाशी, ऋषिकेश और कोटद्वार में दावेदारों ने खुल कर पार्टी प्रत्याशी की मुखालफत शुरू कर दी। इन स्थानों पर कुछ ने तो निर्दल के रूप में मैदान में ताल ठोकने का एलान तक कर डाला है। पार्टी के भीतर शुरू हुई इस बगावत से संगठन को झटका लगा है। बावजूद इसके संगठन इसमें कोई नरमी बरतने के मूड में नहीं हैं। संगठन पार्टी के विरुद्ध बयानबाजी करने वालों को अनुशासनात्मक कार्रवाई के मूड में है। ऐसे लोगों को अब नोटिस भेजने की भी तैयारी है।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री व विधायक खजानदास का कहना है कि पार्टी विरोधी बयानबाजी को संगठन ने गंभीरता से लिया है। सबको चुनावों में एकजुट होकर काम करना चाहिए। अब ऐसे लोगों को नोटिस भेजने की तैयारी चल रही है।