तीन तलाक पर विपक्ष का दोहरा रवैया: रहतकर
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया रहतकर ने विपक्षी दलों पर तीन तलाक के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार तीन तलाक पर संसद में बिल लेकर आई है लेकिन विपक्षी दलों के दोहरे रवैये के कारण यह पारित नहीं हो पाया है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून:
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया रहतकर ने विपक्षी दलों पर तीन तलाक के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार तीन तलाक पर संसद में बिल लेकर आई है लेकिन विपक्षी दलों के दोहरे रवैये के कारण यह पारित नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। आगामी चुनावों में भाजपा का महिला मोर्चा पार्टी को जिताने के लिए पूरे मनोयोग से काम करेगा। इसके लिए हर बूथ पर दस महिला कार्यकर्ताओं को तैनात किया जाएगा।
गुरुवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा में तीन करोड़ से अधिक महिला कार्यकर्ता हैं। ये कार्यकर्ता बूथ स्तर तक अच्छा काम कर रही हैं। चुनावों के मद्देनजर हर बूथ पर दस महिलाओं को तैनात करने का निर्णय लिया गया है। केंद्र सरकार महिलाओं के कल्याण के लिए कई योजनाएं चला रही है। बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ, उज्ज्वला, मुद्रा जैसी कई योजनाओं को धरातल पर उतारा जा चुका है। तीन तलाक का बिल सदन में लाया जा चुका है। इसके जरिये आठ करोड़ मुस्लिम महिलाओं को सम्मान से जीने का मौका मिलेगा।
महंगाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि 2014 के मुकाबले महंगाई कम है और तेल की कीमतें भी लगातार कम हो रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण के पक्ष में है। जल्द यह बिल सदन में भी लाया जाएगा।
निदा खान का पार्टी में स्वागत
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि निदा खान जैसी महिलाएं यदि पार्टी में आना चाहती हैं तो उनका स्वागत है। उनके आने पर उन्हें पार्टी में सम्मान भी दिया जाएगा।
---