कांग्रेस के मुंह से अच्छी नहीं लगती चार्जशीट की बात: भाजपा
भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस द्वारा भाजपा सरकार की चार्जशीट जारी किए जाने के मामले में भाजपा ने पलटवार किया है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस द्वारा भाजपा सरकार की चार्जशीट जारी किए जाने के मामले में भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा ने कहा कि जिस पार्टी के अध्यक्ष समेत अधिकांश बड़े नेता आपराधिक मामलों में खुद जमानत पर हों, उनके मुंह से चार्जशीट की बात अच्छी नहीं लगती। इसके साथ ही भाजपा ने कांग्रेस पर सैनिकों के सम्मान व शौर्य से एलर्जी होने का आरोप लगाया है।
रविवार को एक बयान में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. देवेंद्र भसीन ने कहा कि कांग्रेस के सैनिकों के सम्मान व शौर्य से एलर्जी इस बात से साबित होती है कि एक ओर वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उत्तराखंड को सैन्य धाम कहने पर आपत्ति करती है तो वहीं मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा देहरादून में बन रहे शौर्य स्थल को सैन्यधाम कहे जाने पर चुनाव आयोग से शिकायत कर दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सोच इतनी गिर गई है कि उसके नेता थल सेनाध्यक्ष को अपशब्द कहते हैं और वायुसेनाध्यक्ष के खिलाफ भी टिप्पणी करते हैं। इसके अलावा वे सर्जिकल स्ट्राइक पर सबूत मांगते हैं। ऐसे में सैन्य धाम व शौर्य स्थल पर जो आपत्ति की है वह कांग्रेस के चरित्र को प्रदर्शित करती है।
उन्होंने प्रदेश कांग्रेस द्वारा भाजपा के खिलाफ चार्जशीट लाने पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष, उनकी माता व जीजा समेत बड़े नेता विभिन्न आपराधिक कृत्यों के कारण जमानत पर हैं। उत्तराखंड में भी कांग्रेसी नेता भ्रष्टाचार के मामलों में लिप्त हैं। कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है इसलिए वह झूठ बोलने व भ्रम फैलाने का काम कर रही है।