बीजेपी का त्रिशक्ति सम्मेलन, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह लेंगे क्लास
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह देहरादून के दौरे पर रहेंगे। वे त्रिशक्ति सम्मेलन में शिरकत कर लोस चुनाव का बिगुल फूंकेंगे।
By Edited By: Published: Fri, 01 Feb 2019 08:48 PM (IST)Updated: Fri, 01 Feb 2019 09:07 PM (IST)
देहरादून, राज्य ब्यूरो। देहरादून भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह देहरादून के परेड मैदान में पार्टी के टिहरी और हरिद्वार लोकसभा क्षेत्रों के त्रिशक्ति (बूथ पालक, अध्यक्ष व बीएलए-दो) सम्मेलन को संबोधित कर लोस चुनाव का बिगुल फूंकेंगे। सम्मेलन के बाद वह प्रदेश की लोकसभा चुनाव संचालन समिति, मुख्यमंत्री, दोनों लोस क्षेत्रों के सांसदों, विधायकों के साथ ही प्रांतीय व जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बंद कमरे में मंत्रणा भी करेंगे। इस बीच सम्मेलन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसमें 17 हजार से अधिक लोग भाग लेंगे। सम्मेलन स्थल पर विकास प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें केंद्र एवं राज्य सरकारों की उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।
भाजपा ने लोस चुनाव के मद्देनजर राज्य की पांच लोकसभा क्षेत्रों में त्रिशक्ति सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस कड़ी में हरिद्वार और टिहरी लोस क्षेत्रों का यह सम्मेलन शनिवार को दून में होगा, जिसे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह संबोधित करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार शाह दिल्ली से हेलीकॉप्टर से ठीक 11 बजे परेड मैदान में सम्मेलन स्थल पहुंचेंगे। सम्मेलन को संबोधित करने के बाद शाह परेड मैदान में ही बंद कमरे में प्रदेश की लोकसभा चुनाव संचालन समिति, मुख्यमंत्री, दोनों लोस क्षेत्रों के सांसद, मंत्रियों, विधायकों के साथ ही पार्टी के प्रांतीय और जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ मंत्रणा करेंगे।
माना जा रहा कि इस दौरान वह प्रदेश सरकार के कामकाज की समीक्षा करने के साथ ही लोस चुनाव के लिए जीत का मंत्र देंगे। सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश, राज्य के लोस चुनाव प्रभारी थावरचंद गहलौत, प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू भी शिरकत करेंगे।
बैठक के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह अमरोहा के लिए रवाना हो जाएंगे। इस बीच शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट समेत अन्य पार्टी नेताओं ने परेड मैदान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें