Move to Jagran APP

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संतोष ने परखी चुनावी तैयारियां, दिए निर्देश

उत्तराखंड दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने बुधवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई अलग-अलग बैठकों में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को परखा। साथ ही जीत का मंत्र देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

By Sunil NegiEdited By: Published: Thu, 09 Dec 2021 02:26 PM (IST)Updated: Thu, 09 Dec 2021 02:26 PM (IST)
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संतोष ने परखी चुनावी तैयारियां, दिए निर्देश
उत्तराखंड दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने बुधवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई अलग-अलग बैठकों में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को परखा। साथ ही जीत का मंत्र देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पार्टी द्वारा शुरू की जाने वाली विजय संकल्प यात्रा और दृष्टिपत्र के लिए आमजन के सुझाव लेने के मद्देनजर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में भेजे जाने वाले संकल्प रथों के संबंध में भी निर्देश दिए।

loksabha election banner

सीएम व पार्टी पदाधिकारियों से की मंत्रणा

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन ने प्रदेश कार्यालय में सुबह हुई बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय से आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मंत्रणा की। साथ ही चुनाव प्रबंधन और रणनीति के क्रियान्वयन के संबंध में फीडबैक लिया। फिर उन्होंने पार्टी की प्रांतीय टोली की बैठक भी ली।

11 को रवाना होंगे संकल्प रथ, विजय संकल्प रैली 15 के बाद

आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर तैयार होने वाले भाजपा के दृष्टि पत्र के लिए आमजन से सुझाव लेने को सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में संकल्प रथ भेजे जाएंगे। ये रथ 11 दिसंबर को रवाना होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन की मौजूदगी में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। राष्ट्रीय महामंत्री संगठन ने संकल्प रथ के संबंध में कुछ सुझाव भी दिए। इसके अलावा गढ़वाल व कुमाऊं मंडलों में निकाली जाने वाली विजय संकल्प यात्रा की जानकारी भी ली। तय किया गया कि विजय संकल्प यात्रा गढ़वाल मंडल में 18 दिन और कुमाऊं मंडल में 15 दिन चलेगी। यह यात्रा 15 दिसंबर के बाद शुरू की जाएगी।

तीन राज्यों के कार्यकत्र्ता आएंगे

संगठन की मजबूती की दृष्टि से विभिन्न प्रदेशों से उत्तराखंड आने वाले कार्यकर्त्‍ताओं को लेकर भी बैठक हुई। इसमें बताया गया कि जल्द ही हरियाणा, दिल्ली व हिमाचल प्रदेश से कार्यकर्त्‍ता यहां आएंगे। राष्ट्रीय महामंत्री संगठन ने अन्य राज्यों से आने वाले कार्यकर्त्‍ताओं की व्यवस्था, ड्यूटी आदि विषयों की जानकारी ली। साथ ही जरूरी निर्देश दिए।

संघ के साथ भी हुई समन्वय बैठक

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों के साथ समन्वय बैठक भी की। पार्टी सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री आवास में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख आलोक, उत्तराखंड के प्रांत प्रचारक युद्धवीर समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। सूत्रों ने बताया कि बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।

यह भी पढ़ें:-भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संतोष ने की चुनाव प्रबंधन समिति के कामकाज की समीक्षा, दिए ये निर्देश


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.