Move to Jagran APP

भाजपा की सत्ता की कोख है बूथ : जेपी नड्डा

भाजपा की सत्ता की कोख बूथ है सत्ता का उद्गम बूथ कार्यकर्ता से होता है। मैं देवभूमि और देवतुल्य बूथ पदाधिकारियों को नमस्कार करता हूं। उम्मीद करता हूं कि 2022 के विस चुनाव में पहले से भी ज्यादा मजबूती के साथ जीत दर्ज करेंगे। कुछ इस अंदाज में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बूथ कार्यकर्ताओं में जोश भरा। वह दून में आयोजित बूथ सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

By JagranEdited By: Published: Fri, 15 Nov 2019 10:25 PM (IST)Updated: Sat, 16 Nov 2019 06:18 AM (IST)
भाजपा की सत्ता की कोख है बूथ : जेपी नड्डा
भाजपा की सत्ता की कोख है बूथ : जेपी नड्डा

जागरण संवाददाता, देहरादून : भाजपा की सत्ता की कोख बूथ है, सत्ता का उद्गम बूथ कार्यकर्ता से होता है। मैं देवभूमि और देवतुल्य बूथ पदाधिकारियों को नमस्कार करता हूं। उम्मीद करता हूं कि 2022 के विस चुनाव में पहले से भी ज्यादा मजबूती के साथ जीत दर्ज करेंगे। कुछ इस अंदाज में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बूथ कार्यकर्ताओं में जोश भरा। वह दून में आयोजित बूथ सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

loksabha election banner

शुक्रवार को सुभाष रोड स्थित एक वैंक्वेट हॉल में आयोजित भाजपा के बूथ सम्मेलन का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत (स्वतंत्र प्रभार) ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर नड्डा ने कहा कि वर्तमान में भाजपा के 385 सांसद, 400 सहयोगी दल, 1451 विधायक और 15 राज्यों में सरकार है। भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है, महज 54 दिनों के सदस्यता अभियान में सदस्यों की संख्या 11 करोड़ से बढ़कर 17 करोड़ हो गई। उत्तराखंड में भी 11 लाख से बढ़कर 17 लाख सदस्य हो गए। यह सब बूथ कार्यकर्ता की मेहनत से ही संभव हो सका। उन्होंने कहा कि राजनीति में दो कार्यकर्ता होते हैं दूरगामी और तात्कालिक। तात्कालिक में छोटे इरादे और छोटे लक्ष्य देखे जाते हैं, जबकि दूरगामी में पार्टी और देश की सेवा देखी जाती है। बूथ कार्यकर्ता नजदीक का चश्मा उतारकर दूर का पहन लें। ध्यान रखें कि वह केवल नेता नहीं बल्कि देश की तकदीर और तस्वीर बदलते हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की कूट नीति ही है कि सऊदी अरब और ईरान, अमेरिका और चीन सभी भारत के मित्र हैं। इसी तरह त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी प्रदेश में पारदर्शी सरकार बनाई है। यहां विकास कार्यो में तेजी आई है, 17 लाख परिवारों को आयुष्मान से जोड़ा यही डबल इंजन है। इस दौरान सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, महापौर सुनील उनियाल गामा, विधायक हरबंस कपूर, सहदेव पुंडीर, विनोद चमोली, खजान दास, गणेश जोशी, विनय गोयल, रवींद्र राजू, अजय कुमार, राजीव उनियाल, श्याम पंत आदि मौजूद रहे।

पांच कार्यालयों का किया उद्घाटन

राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हरिद्वार, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, चमोली के कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा पांच क कार्यकर्ता, कार्यक्रम, कार्यकारिणी, कोष और कार्यालय से चलती है। अब भाजपा के हर जिले में कार्यालय हैं।

बिफर गए दायित्वधारी

राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नड्डा के स्वागत समारोह में मुख्यमंत्री से लेकर पार्षद, मंडल, बूथ और यूथ कार्यकर्ताओं को मंच पर बुलाया गया। वहीं कई दायित्वधारी भी सम्मेलन में पहुंचे थे, लेकिन उन्हें मंच पर नहीं बुलाया गया। इससे वे बिफर गए और उन्होंने आपत्ति जताई। इसके बाद उन्हें कार्यक्रम के बीच में बुलाया गया।

उत्तराखंड की राजनीति जवान हो रही : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि किसी भवन की मजबूती उसकी नींव पर निर्भर करती है। बूथ सदस्यों की बदौलत छह लाख नए सदस्य जुड़कर कुल संख्या 11 से 17 लाख हो गई। बूथ कार्यकर्ताओं के दम पर ही विस चुनाव में चार फीसद वोट प्रतिशत बढ़ा। 11 जिपं अध्यक्ष इनमें नौ पर महिलाएं है। जब महिलाएं आर्थिक सशक्त होंगी तो प्रदेश का विकास होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 21 से 30 साल के क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत सदस्य जीते। कई ब्लॉक प्रमुख बने इस तरह उत्तराखंड की राजनीति आज जवान हो गई। यह जवान पीढ़ी प्रदेश के विकास को धार देगी।

वोट देने की स्याही का धब्बा नहीं मिटा, अनुच्छेद 370 का धब्बा मिटा दिया : जाजू

भाजपा प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने भाजपा कार्यालय के सभागार को स्व. प्रकाश पंत सभागार का नाम देने पर खुशी जताते हुए कहा कि संचार का सबसे तेज माध्यम फीमेल है, यदि कोई बात बताओ तो तेजी से फैलती है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार के एक संत ने उनसे कहा कि यहां लोस चुनाव में दिए वोट की स्याही का धब्बा भी नहीं हटा और सरकार ने 370 का धब्बा हटा दिया। पीएम मोदी की बदौलत ही राम मंदिर, करतारपुर कोरिडोर में दर्शन करने श्रद्धालु जा रहे हैं।

कार्यकर्ताओं ने जुटा दिए 25 करोड़ : अजय भट्ट

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि पार्टी की रीढ़ बूथ कार्यकर्ता है, बूथ ही असली भाजपा है। भट्ट ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने ही घर-घर, दुकान-दुकान जाकर 25 करोड़ का कोष जुटा दिया जो कि एक उपलब्धि है।

फूलों की बारिश से राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का स्वागत

-भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा का किया भव्य स्वागत

-सड़क के दोनों ओर खड़े होकर कार्यकर्ताओं ने नड्डा के काफिले पर की फूलों की बौछार

जागरण संवाददाता, देहरादून : भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा का दून में भव्य स्वागत हुआ। बड़ी संख्या में पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूलों की बारिश कर नड्डा का स्वागत किया।

शुक्रवार को दोपहर करीब 11 बजे जेपी नड्डा का काफिला रिस्पना पुल पहुंचा, जहां सड़क किनारे बनाए गए अस्थायी मंच पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। नड्डा यहां करीब 10 मिनट रुके। इस दौरान कार्यकर्ता उन पर फूलों की बारिश के साथ पार्टी के पक्ष में नारेबाजी करते रहे। यहां कार्यकर्ताओं में अध्यक्ष से हाथ मिलाने और साथ में सेल्फी लेने की होड़ भी लगी रही। यहीं पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट भी नड्डा के स्वागत को पहुंच गए। यहां से काफिला फौव्वारा चौक की ओर रवाना हुआ। जहां पहले से भाजपा विधायकों और पदाधिकारियों समेत बड़ी संख्या में मौजूद पार्टी कार्यकर्ता हाथों में फूल और गुब्बारे लिए मौजूद थे। करीब सवा 11 बजे नड्डा का काफिला फौव्वारा चौक पहुंचा। फौव्वारा चौक से काफिला बिना रुके भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर धीरे-धीरे आगे बढ़ा। एक ओपन कार में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट समेत अन्य पदाधिकारी कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकारते हुए आगे बढ़ रहे थे। इसी तरह करीब पौने 12 बजे काफिला पार्टी कार्यालय पहुंच गया। जहां पहले से तैयार मंच पर खड़े ऋषिकुमारों ने ढोल-दमाऊ और रंणसिंघे की ध्वनि के बीच मंत्रोच्चार के साथ जेपी नड्डा का स्वागत किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.