नौकरशाही के खिलाफ द्वाराहाट विधायक धरने पर बैठे
विकास कार्यो में अड़चन डाल रहे शासन व विभागीय उच्च अधिकारियो के खिलाफ भाजपा विधायक ने दिया धरना।
जागरण संवाददाता, देहरादून : विकास कार्यो में अड़चन डाल रहे अधिकारियों के खिलाफ द्वाराहाट के भाजपा विधायक महेश सिंह नेगी ने मोर्चा खोल दिया। वह बुधवार सुबह लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता कार्यालय में धरना पर बैठ गए। मुख्यमंत्री के आश्वासन पर पांच घंटे बाद विधायक ने धरना समाप्त किया।
बुधवार सुबह द्वाराहाट विधायक महेश सिंह नेगी सुबह यमुना कॉलोनी स्थित लोक निर्माण विभाग कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने लोनिवि के प्रमुख अभियंता आरसी पुरोहित से कहा कि उनके क्षेत्र के विकास कार्यो को मुख्यमंत्री की ओर से स्वीकृति प्रदान कर दी गई थी, उसके बावजूद विभागीय व शासन स्तर के उच्चाधिकारी अड़चन डालकर फाइल रोककर बैठे हैं। आरोप लगाया कि प्रमुख अभियंता ने अपनी रिपोर्ट शासन के बजाय विभागाध्यक्ष को भेज दी। जिससे साफ है कि अफसर सरकार की नहीं सुन रहे हैं। वहीं सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे है। विधायक के धरने में बैठने की सूचना पर मुख्यमंत्री ने सल्ट विधायक सुरेंद्र सिंह जीना, पूरन फत्र्याल, बागेश्वर विधायक चंदन रामदास व ओएसडी धीरेंद्र पंवार को मौके पर भेजा और लोनिवि प्रमुख अभियंता से बात कर धरना समाप्त कराने को कहा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रमुख अभियंता ने गुरुवार को विकास कार्यो की आगणन को शासन में भेजने का आश्वासन दिया। इसके बाद द्वाराहाट विधायक ने धरना समाप्त किया। यह है मामला
द्वाराहाट-सल्ट विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाली बुझान खुजगढ़ नदी पर पुल बनाने के लिए केंद्र से 16 करोड़ 58 लाख रुपये की धनराशि भेजी गई थी। जिसमें 13 करोड़ रुपये का टेंडर हुआ। पुल का निर्माण शुरू हो गया। ऐसे में एक करोड़ से अधिक की धनराशि शेष बच रही थी। शेष धनराशि से पुल को लोहे का बनाने तथा सड़कों का निर्माण कराने का अनुरोध किया, जिसे लेकर मुख्यमंत्री से बात की गई थी।