उत्तराखंड में भाजपा ने सत्ता में हैट्रिक के लिए चला बड़ा दांव, चुनावी मैदान में उतारे 70 योद्धा
भाजपा ने उत्तराखंड में आगामी चुनावों के लिए 70 विस्तारकों को प्रशिक्षित कर मैदान में उतारा है। ये पूर्णकालिक कार्यकर्ता ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अश्वनी त्रिपाठी, देहरादून। भाजपा ने सभी 70 सीटों पर विस्तारकों को प्रशिक्षित कर रवाना कर दिया है। भाजपा ने सत्ता में हैट्रिक के लिए विस्तारकों पर बड़ा दांव लगाया है। पार्टी ने बूथ प्रबंधन के साथ जमीनी फीडबैक जुटाने के लिए विस्तारकों का यह तंत्र तैयार किया है। ये ऐसे पूर्णकालिक कार्यकर्ता होंगे, जो सीधे प्रदेश मुख्यालय को रिपोर्ट करेंगे।
विधानसभा क्षेत्र में स्थायी रूप से रहकर बूथ, सेक्टर व मंडल स्तर पर संगठन की सक्रियता परखकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। विधानसभा सीटवार चुनावी समीकरणों की जानकारी जुटाना इनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी।
क्या है विस्तारक माडल
विस्तारक भाजपा के पूर्णकालिक कार्यकर्ता होते हैं। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के आनुषांगिक संगठनों से जुड़े युवाओं को भी इसमें प्राथमिकता दी जाती है। विस्तारक प्रमुख और सह विस्तारक प्रमुख इनके कामकाज की निगरानी करते हैं। 13-14 अक्टूबर को प्रशिक्षण के बाद विस्तारक विधानसभा क्षेत्रों में तैनात होंगे और चुनाव तक वहीं रहकर काम करेंगे।
जुटाएंगे चुनावी क्षेत्र का ब्योरा
विस्तारक विधायक की छवि, संभावित दावेदारों, विपक्ष की स्थिति, कार्यकर्ताओं के असंतोष और स्थानीय मुद्दों पर फीडबैक लेकर प्रदेश संगठन को देंगे। साथ ही बूथ प्रबंधन, प्रचार और प्रदेश नेतृत्व व कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
उत्तर प्रदेश-गुजरात में भी प्रयोग
भाजपा ने वर्ष 2017 में गुजरात के 48 हजार बूथों पर विस्तारक अभियान चलाया था। इसी वर्ष उत्तर प्रदेश में वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए 75 जिलों की 92 जिला इकाइयों में विस्तारकों की तैनाती की प्रक्रिया शुरू की गई थी।
उत्तराखंड में नए सिरे से तैयारी
भाजपा ने वर्ष 2017 में सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में विस्तारक तैनात किए थे। वर्ष 2018 में अमित शाह ने उनसे संवाद किया, जबकि वर्ष 2022 के चुनाव के बाद भी विस्तारकों की बैठक हुई। इस बार नए सिरे से चयन, प्रशिक्षण और चुनाव तक विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास के जरिए व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने की तैयारी है।
