यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 22, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा- महामारी से निबटने को जुटे संगठन और सरकार
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने वर्चुअल माध्यम से हुई बैठक के दौरान उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की स्थिति ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से हुई बैठक के दौरान उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की स्थिति की जानकारी ली। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक ने उन्हें अवगत कराया कि कोरोना महामारी और असमय आ रही प्राकृतिक आपदाओं से निबटने के लिए पार्टी संगठन और सरकार दिन-रात जुटे हैं। साथ ही सरकार की योजनाओं के बेहतर ढंग से संचालन में भी पार्टी अपनी भूमिका का निर्वहन कर रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने उत्तराखंड के साथ ही उत्तर प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्यों के साथ वर्चुअल बैठक में कोविड की स्थिति के बारे में चर्चा की। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष कौशिक ने उन्हें अवगत कराया कि राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण फैल रहा है। इसे देखते हुए पार्टी के सभी मोर्चों को सक्रिय किया गया है। उन्होंने कहा कि कोविड के साथ ही असमय बादल फटने, अतिवृष्टि जैसी आपदाएं भी घटित हो रही हैं। प्रभावित व्यक्तियों की मदद को हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं। घरों और शिशु मंदिरों को खोलकर वहां प्रभावितों के लिए भोजन समेत अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की मदद से सेवा कार्यो को विस्तृत किया गया है।
कौशिक ने बताया कि प्रदेश में सरकार की ओर से गांवों में कोविड नियंत्रण समितियां गठित की गई हैं। गांवों में कोरोना जांच के मद्देनजर सैंपल लेने के लिए टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने सेवा ही संगठन अभियान के तहत चल रहे कार्यों का ब्योरा भी राष्ट्रीय अध्यक्ष को दिया।
उन्होंने कहा कि विपक्ष कांग्रेस ने कुंभ और सनातनियों को बदनाम करने की कोशिश की, लेकिन संत समाज ने उसे कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कोरोना संक्रमण की रोकथाम को बेहतर ढंग से कार्य कर रही है। उन्होंने राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी व राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल के सहयोग के लिए उनके प्रति आभार भी जताया।
