Move to Jagran APP

भाजपा और कांग्रेस के कार्यक्रमों में नजर आई भीड़, उड़ाई गई शारीरिक दूरी की धज्जियां

भाजपा और कांग्रेस पार्टी के कार्यक्रमों में रविवार को न सिर्फ भीड़ नजर आई बल्कि नेता और कार्यकर्ता शारीरिक दूरी के नियम का मखौल उड़ाते भी दिखे।

By Raksha PanthariEdited By: Published: Mon, 25 May 2020 09:12 AM (IST)Updated: Mon, 25 May 2020 09:12 AM (IST)
भाजपा और कांग्रेस के कार्यक्रमों में नजर आई भीड़, उड़ाई गई शारीरिक दूरी की धज्जियां
भाजपा और कांग्रेस के कार्यक्रमों में नजर आई भीड़, उड़ाई गई शारीरिक दूरी की धज्जियां

देहरादून, जेएनएन। अगर जिम्मेदार ही नियमों का मखौल उड़ाने लगें तो क्या कीजिएगा? जाहिर है इन हालात में आम आदमी से तो बेहतरी की उम्मीद कतई नहीं की जा सकती। बात हो रही है देश की दो सबसे बड़ी राष्ट्रीय पार्टियों भाजपा और कांग्रेस की, जिनके कार्यक्रमों में रविवार को न सिर्फ भीड़ नजर आई, बल्कि नेता और कार्यकर्ता शारीरिक दूरी के नियम का मखौल उड़ाते भी दिखे। हैरत की बात यह भी है कि सब कुछ दोनों पार्टियों के वरिष्ठ नेताओं के सामने हो रहा था। इसके अलावा दोनों पार्टियों के नेताओं को इसपर भी गंभीरता से चिंतन करना चाहिए कि जब बड़े सामाजिक और राजनीतिक आयोजनों की अनुमति नहीं है तो एक स्थान पर कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की भीड़ क्यों जुटाई जा रही है।

loksabha election banner

कांग्रेस ने रविवार को पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं के विरुद्ध मुकदमे दर्ज करने का विरोध किया। राजपुर रोड स्थित कांग्रेस भवन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में धरना दिया गया। धरनास्थल पर विरोध के उत्साह में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच शारीरिक दूरी के मानक तार-तार होते नजर आए। उधर, क्लेमेनटाउन में एक बीजेपी नेता के कार्यालय में मोदी रसोई के समापन का कार्यक्रम था। यहां भी शारीरिक दूरी के नियम की सिरे से अनदेखी की गई। यहां विधायक विनोद चमोली सहित कोरोना काल में बेहतर कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। हालांकि, दोनों पार्टियों के नेताओं ने दावा किया कि कार्यक्रमों में शारीरिक दूरी के नियम का पूर्णत: पालन किया गया है।

बदले की भावना से काम कर रही भाजपा: प्रीतम

कांग्रेस मुख्यालय में धरना देते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि भाजपा बदले की भावना से कार्य कर रही है। गांधी परिवार को निशाना बनाया जा रहा है। जो घोर निंदनीय है। धरना देने वालों में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसोनी, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, पूर्व विधायक राजकुमार मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड सरकार के मंत्री और विधायक ने लॉन्‍च की मोदी आरती, कांग्रेस और यूकेडी ने जताई आपत्ति

सु: बोध नाम परम हितकारी..

'मोदी आरती' को लेकर भले ही कांग्रेस ने मुद्दा बनाया हो, लेकिन अब प्रदेश सरकार के मंत्री सुबोध उनियाल पर बनी कविता भी सोशल मीडिया में चर्चा का विषय बनी हुई है। सोशल मीडिया में नरेंद्रनगर के कानूनगो राजपाल सिंह के नाम से कैबिनेट मंत्री उनियाल पर कविता पोस्ट की गई है। इसकी कुछ लाइनें देखिये- 'सु: बोध नाम परम हितकारी, पीड़ित जन तुम पर बलिहारी, कातर पीड़ित जो जन आते, उन्मादित हो वह जन जाते..' सोशल मीडिया में इस कविता को लेकर भी खूब चर्चा हो रही है। गौरतलब है कि शुक्रवार को देहरादून के डोभालवाला में आयोजित कार्यक्रम में उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ.धन सिंह रावत और मसूरी क्षेत्र के विधायक गणोश जोशी ने मोदी आरती का विमोचन किया था। इसे लेकर विपक्ष कांग्रेस ने मुद्दा बनाने में देर नहीं लगाई थी।

यह भी पढ़ें: सोनिया गांधी के विरुद्ध किए गए मुकदमे के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिया धरना


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.