उत्तराखंड के हर जिले में भाजपा की कमेटियों का गठन 15 सितंबर तक, मांगे गए सदस्यों के नाम
भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में लिए गए निर्णय के क्रम में प्रांतीय नेतृत्व ने हर जिले में जिलाध्यक्ष की अध्यक्षता में गठित होने वाली कमेटियों के लिए कसरत शुरू कर दी है।
By Edited By: Published: Mon, 24 Aug 2020 10:47 PM (IST)Updated: Tue, 25 Aug 2020 04:39 PM (IST)
देहरादून, राज्य ब्यूरो। प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में लिए गए निर्णय के क्रम में प्रांतीय नेतृत्व ने राज्य के प्रत्येक जिले में जिलाध्यक्ष की अध्यक्षता में गठित होने वाली कमेटियों के लिए कसरत शुरू कर दी है। इस सिलसिले में सभी जिलाध्यक्षों से कमेटियों में शामिल किए जाने वाले सदस्यों के नाम मांगे गए हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के अनुसार 15 सितंबर तक इन कमेटियों का गठन कर दिया जाएगा।
भाजपा की कोर कमेटी की बीते रोज हुई बैठक में जनसमस्याओं के निराकरण के प्रति नौकरशाही के मनमाने रवैये का मसला उठा था। इस पर अंकुश लगाने के मद्देनजर भाजपा सभी जिलों में कमेटियां गठित करने जा रही है। प्रत्येक कमेटी में जिलाध्यक्ष के साथ चार वरिष्ठ कार्यकर्ताओं बतौर सदस्य शामिल होंगे। विधायक इन कमेटियों में नामित सदस्य होंगे। जिलों से कमेटियों के जरिये आने वाले मामलों का पार्टी समाधान कराएगी।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भगत ने बताया कि सभी जिलाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जल्द से जल्द चार-चार वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के नाम प्रदेश मुख्यालय को भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि नाम मिलने के बाद संबंधित कार्यकर्ताओं को कसौटी पर परखा जाएगा। जरूरत पड़ी तो दोबारा से भी नाम मांगे जाएंगे।
कांग्रेस के लिए संकट का समय: किशोर
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय कहा कि कांग्रेस के लिए मौजूदा समय संकट वाला है। इससे निपटने के लिए सभी वरिष्ठ नेताओं को एक साथ आना होगा। आम आदमी पार्टी में जाने की चर्चा पर उन्होंने कहा कि भविष्य तय करेगा कि आगे क्या होगा। पत्रकारों से बातचीत में किशोर ने कहा कि दिल्ली से लेकर उत्तराखंड तक कांग्रेस में संकट है। हालात से निपटने के लिए हमें भी एकजुट होने की जरूरत है।
कांग्रेस की मजबूती के लिए जो भी ठीक होगा वह किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश और वह खुद आपस में बैठक कर चुके हैं। इससे पार्टी में अच्छा संदेश गया है। भविष्य में यही भावना वरिष्ठ नेताओं में बनी रही तो प्रदेश में 2022 में कांग्रेस जरूर सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि गलत नीतियों के कारण उत्तराखंड बुरी स्थिति में पहुंच गया है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें