CM योगी से नहीं हो पाई राज्यपाल मौर्य की फोन पर बात, पंचूर में मां और भाइयों से मिलकर दी सांत्वना
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट के निधन पर उनके घर पहुंची।
ऋषिकेश, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट के निधन पर उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य बुधवार को उनके पैतृक गांव पंचूर यमकेश्वर पहुंची। राज्यपाल ने सीएम योगी की मां सावित्री देवी और स्वजनों को सांत्वना देते हुए उनके पिता को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता का बीते सोमवार को एम्स दिल्ली में निधन हो गया था। बीते मंगलवार को लक्ष्मणझूला मार्ग गरुड़ चट्टी के समीप फूल चट्टी घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया था। सीएम योगी के पैतृक गांव पंचूर, यमकेश्वर पहुंच कर राज्यपाल ने स्वर्गीय आनंद सिंह बिष्ट की धर्मपत्नी सावित्री देवी और उनके पुत्रों को सांत्वना दी। राज्यपाल ने कहा कि स्व. आनंद सिंह का जीवन समाज के लिए समर्पित रहा है।
इस दुख की घड़ी में हम उनके परिवार के साथ हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिस दृढ़ता के साथ राज धर्म को निभाया है, वह अनुकरणीय है। परिजनों को हिम्मत से काम लेने की जरूरत है। राज्यपाल ने उनके पुत्र मनेंद्र बिष्ट, शैलेंद्र बिष्ट और महेंद्र बिष्ट को भी सांत्वना दी। इस दौरान योगी आदित्यनाथ के बहनोई पूरण सिंह पयाल, देवेंद्र सिंह राणा, अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार राय,पुलिस उपाधीक्षक वंदना वर्मा आदि मौजूद रहे।
राज्यपाल की मुख्यमंत्री योगी से नहीं हो पाई बात
यमकेश्वर जैसे दुर्गम परिस्थिति वाले क्षेत्र में दूरसंचार सेवाओं की स्थिति ठीक नहीं है। पंचूर गांव में सीएम योगी आदित्यनाथ के घर राज्यपाल बेबी रानी मौर्य पहुंची। जिस कमरे में उनकी मां बैठी है, वहां से राज्यपाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मोबाइल के जरिए सांत्वना देने और शोकाकुल मां से बात कराने का प्रयास किया। इस दौरान नेटवर्क की समस्या सामने आ गई। मुख्यमंत्री के छोटे भाई महेंद्र बिष्ट नेटवर्क के लिए ऊपर की कमरे में जाकर उन्हें अपने मोबाइल से नंबर लगाया। दूसरी तरफ से फोन उठा तो पता चला कि मुख्यमंत्री योगी बैठक में व्यस्त हैं।
कांडी मार्ग की दुर्दशा से रूबरू हुई राज्यपाल
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पैतृक गांव पंचूर यमकेश्वर से जुड़ी सड़कों की स्थिति जर्जर है। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य उनके पिता के निधन पर सांत्वना देने उनके पैतृक गांव पहुंची तो उन्हें भी सड़क की दुर्दशा से दो-चार होना पड़ा।राज्यपाल बेबी रानी मौर्य बुधवार को हेलीकॉप्टर से थल नदी यमकेश्वर पहुंची। यहां से पंचूर गांव और घर करीब 10 किलोमीटर दूर है। राज्यपाल ने यहां से यह सफर कार से तय किया। गांव पहुंच कर स्वर्गीय आनंद सिंह बिष्ट के घर पर उनकी धर्मपत्नी और पुत्रों से मिलने के बाद राज्यपाल कुछ देर अलग कक्ष में बैठी।
इस दौरान उनके साथ योगी आदित्यनाथ के बहनोई पूरण पयाल और पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेंद्र राणा बैठे थे। राज्यपाल ने यहां की सड़कों की दुर्दशा पर चिंता जताते हुए पूछा कि क्षेत्र के सांसद और विधायक कौन है। राज्यपाल ने उपस्थित दोनों लोगों से इस संबंध में उन्हें पत्र लिखने को कहा। राज्यपाल के काफिले के साथ जिलाधिकारी पौड़ी डीएस गब्र्याल, उप जिलाधिकारी यमकेश्वर एसएस राणा सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी शामिल थे।
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ के पिता पंचतत्व में विलीन