Move to Jagran APP

कोरोना काबू आते ही होगी विधायकों की मुराद पूरी

त्रिवेंद्र सरकार का साढ़े तीन साल का कार्यकाल पूर्ण होने से पहले ही भाजपा विधायकों की मुराद पूरी हो सकती है। मुख्यमंत्री जल्द मंत्रिमंडल का विस्तार करने की तैयारी में हैं।

By Sunil NegiEdited By: Published: Mon, 03 Aug 2020 10:09 AM (IST)Updated: Mon, 03 Aug 2020 10:09 AM (IST)
कोरोना काबू आते ही होगी विधायकों की मुराद पूरी
कोरोना काबू आते ही होगी विधायकों की मुराद पूरी

देहरादून, विकास धूलिया। त्रिवेंद्र सरकार का साढ़े तीन साल का कार्यकाल पूर्ण होने से पहले ही भाजपा विधायकों की मुराद पूरी हो सकती है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत जल्द मंत्रिमंडल का विस्तार करने की तैयारी में हैं। एक राज्य मंत्री का कद बढ़ने के साथ ही कुछ मंत्रियों के महकमों में बदलाव भी हो सकता है। संकेत हैं कि मंत्रिमंडल विस्तार में कुमाऊं मंडल को तरजीह मिलेगी।

loksabha election banner

उत्तराखंड में 70 सदस्यीय विधानसभा है और यहां मंत्रिमंडल में अधिकतम 12 सदस्य हो सकते हैं। मार्च 2017 में जब त्रिवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में भाजपा की सरकार वजूद में आई, उस वक्त मुख्यमंत्री के अलावा मंत्रिमंडल में नौ सदस्य शामिल किए गए। पिछले साल कैबिनेट के वरिष्ठ सदस्य प्रकाश पंत के असामयिक निधन से एक और मंत्री पद खाली हो गया। यानी, अब मुख्यमंत्री तीन विधायकों को अपनी टीम में शामिल कर सकते हैं। सत्ता के गलियारों से संकेत भी यही हैं कि मंत्रिमंडल के तीनों रिक्त पद भरे जाएंगे।

मौजूदा नौ सदस्यीय मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के अलावा कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, हरक सिंह रावत, मदन कौशिक, सुबोध उनियाल और राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. धनसिंह रावत, कुल छह सदस्य गढ़वाल मंडल से हैं। कुमाऊं मंडल का प्रतिनिधित्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, अरविंद पांडेय और राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रेखा आर्य कर रही हैं। इस लिहाज से माना जा रहा है कि विस्तार की स्थिति में तीनों या कम से कम दो मंत्री पद कुमाऊं के हिस्से जाएंगे।

सूत्रों के मुताबिक मौजूदा दो राज्य मंत्रियों में से एक का कद बढ़ाकर उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है। इस बात के भी संकेत हैं कि कुछ मंत्रियों के पोर्टफोलियो बदले जाएंगे। गौरतलब है कि मौजूदा विधानसभा में भाजपा के 57 विधायक हैं। इनमें से नौ मंत्रिमंडल का हिस्सा हैं जबकि दो विधायक विधानसभा अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पदों पर हैं। एक भाजपा विधायक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं। यानी फिलहाल 45 विधायक मंत्री पद पाने वालों की कतार में शामिल हैं। अब इनमें से किन तीन विधायकों को मौका मिलेगा, यह जल्द सामने आ जाएगा।

यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत बोले, सकारात्मक पोस्ट से दें दुष्प्रचार का जवाब

मुख्‍यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार तो किया ही जाना है। अगर कोविड-19 जैसी महामारी का संक्रमण नहीं होता, तो यह कदम पहले ही उठा लिया जाता। इसके लिए फरवरी में ही पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से बात हो चुकी है। जैसे ही परिस्थितियां सामान्य होंगी, मंत्रिमंडल विस्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में दस दिन के लॉकडाउन की फर्जी खबर की वायरल, जांच शुरू


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.