अनुकृति गुसाईं ने ताज नहीं लोगों का दिल जीता
वियतनाम में चल रहे ग्रैंड इंटरनेशनल में मिस ग्रैंड इंडिया अनुकृति गुसाईं ने बेहतर प्रदर्शन कर लोगों का दिल जीत लिया।
देहरादून, [जेएनएन]: मिस ग्रैंड इंडिया अनुकृति गुसाईं भले ही भारत के लिए ताज का सूख कम न कर पाईं हों, लेकिन उन्होंने वियतनाम में चल रहे ग्रैंड इंटरनेशनल में बेहतर प्रदर्शन कर लोगों का दिल जीत लिया। ग्रैंड फिनाले में अनुकृति का सफर टॉप-11 में थमा। नेशनल कॉस्ट्यूम इवेंट में भारत ने टॉप-8 में जगह बनाई।
वियतनाम में बुधवार को मिस ग्रैंड इंटरनेशनल का ग्रैंड फिनाले हुआ। छह अक्टूबर से वियतनाम में शुरू हुए इस इवेंट में अनुकृति के बेहतर प्रदर्शन के चलते लोगों को उम्मीद थी कि इस बार भारत जरूर खिताब जीतेगा। अनुकृति ने भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए 80 देशों की सुंदरियों के बीच टॉप-20 में जगह बना ली थी। इसके बाद अनुकृति टॉप-10 में जगह नहीं बना पाईं। नेशनल कॉस्ट्यूम में भारत ने टॉप-8 में जगह बनाई।
इस बार अनुकृति की नेशनल कॉस्ट्यूम में मॉर्डन इंडिया दिखाया गया था। कॉस्ट्यूम में अनुकृति ने दर्शाया था कि किस प्रकार राजशाही से निकलकर भारतीय महिला ने आज हर क्षेत्र में अपना दबदबा बनाया है। फिर चाहे वह घर के किचन की बात हो या फिर आइटी, सेना या कोई मल्टीनेशनल कंपनी। हर क्षेत्र में भारतीय महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। इसके अलावा नेशनल कॉस्ट्यूम के जरिये उन्होंने पूरे देश को प्यार और शांति का संदेश देने की भी कोशिश की। अनुकृति की नेशनल कॉस्ट्यूम में ताजमहल और गौतम बुद्ध को भी जगह दी गई थी।
इसके अलावा उत्तराखंड के योग और पर्यटन को भी नेशनल कॉस्ट्यूम में जगह मिली थी। जिसे लोगों ने काफी पसंद किया था। 23 अक्टूबर को हुए प्रीमिनरी राउंड में भारत ने टॉप-5 में जगह बनाई थी। इससे लोगों में उम्मीद जगी थी कि शायद इस बार भारत मिस ग्रैंड इंटरनेशनल का खिताब जीत ले।
अनुकृति ने कहा, शुक्रिया इंडिया, शुक्रिया उत्तराखंड
प्रतियोगिता के बाद जागरण से बातचीत में अनुकृति ने पूरे देश और खासकर उत्तराखंड से मिले प्यार के लिए शुक्रिया कहा। अनुकृति ने कहा कि इतने बड़े मंच पर मुझे भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला, यह मेरे लिए किसी खिताब से कम नहीं है। मैंने अपना सौ फीसद देने का प्रयास किया। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी 70 सुंदरियां खुद में सर्वश्रेष्ठ थी, इनमें से किसी एक को ही जीतना था। मुझे सोशल मीडिया में बड़ी संख्या में वोट के रूप में लोगों का प्यार मिला, जो मैं हमेशा अपने जेहन में संभालकर रखूंगी। अपनी भविष्य की योजना के बारे में बताते हुए अनुकृति ने कहा कि मैं ऐसे बच्चों के लिए कुछ करना चाहती हूं, जो किसी कारणवश अपनी आगे की पढ़ाई पूरी नहीं कर पाते हैं।
यह भी पढ़ें: दुनिया को शांति का संदेश दे रही है अनुकृति गुसाईं
यह भी पढ़ें: अनुकृति की पोशाक में दिखी भारतीय संस्कृति की झलक
यह भी पढ़ें: अनुकृति गुसाईं ने दुनिया को दिखाई भारत की खूबसूरती