कैबिनेट मंत्री महाराज की पत्नी अमृता रावत कोरोना पॉजिटिव
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की पत्नी एवं पूर्व मंत्री अमृता रावत की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्हें ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया जा रहा है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की पत्नी एवं पूर्व मंत्री अमृता रावत की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्हें ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया जा रहा है। इसके साथ ही प्रारंभिक तौर पर उनके पति सतपाल महाराज समेत संपर्क में आए 41 लोग चिह्नित किए गए हैैं। सभी को क्वारंटाइन किया जा रहा है। उधर, जिला प्रशासन के मुताबिक मामले में अन्य संपर्काें की भी तलाश की जा रही है।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का आवास देहरादून में म्यूनिसिपल रोड पर है। इसका दूसरा हिस्सा सर्कुलर रोड पर भी खुलता है। हाल में दिल्ली से कुछ लोग उनके यहां आए थे, जिन्हें सर्कुलर रोड की तरफ खुलने वाले गेस्ट हाउस व कार्यालय में क्वारंटाइन किया गया। महाराज व उनका परिवार म्यूनिसिपल रोड की ओर तरफ वाले आवास में रहता है।
इस बीच कैबिनेट मंत्री महाराज की पत्नी एवं पूर्व मंत्री अमृता रावत की तीन दिन पहले तबीयत खराब हुई। इसे देखते हुए शनिवार सुबह एक निजी लैब में उनकी कोरोना जांच कराई गई। शाम को मिली रिपोर्ट में वह कोरोना पॉजिटिव निकलीं। कैबिनेट मंत्री महाराज के विशेष कार्याधिकारी अभिषेक शर्मा ने इसकी पुष्टि की।
पूर्व मंत्री अमृता रावत के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक कैबिनेट मंत्री महाराज के स्वजनों ने खुद पहल कर महाराज समेत संपर्क में आए स्वजनों व स्टाफ के 41 लोगों की सूची सौंपी है। पूर्व मंत्री अमृता रावत को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री महाराज की भी कोरोना जांच होगी।
जिलाधिकारी डॉ.आशीष श्रीवास्तव के अनुसार इस मामले में अन्य लोगों की कांट्रेक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। प्राइमरी कांटेक्ट में आए लोगों को क्वारंटाइन करने के साथ ही इनकी कोरोना जांच होगी। इसके बाद सेंकेंडरी कांटेक्ट भी क्वारंटाइन होंगे।
महाराज के घर से लगी गली सील
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के घर की म्यूनिसिपल रोड की गली सील की जा रही है। जिलाधिकारी डॉ.आशीष श्रीवास्तव ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह भी देखा जाएगा कि महाराज के आवास में सर्कुलर रोड से किसी की आवाजाही तो नहीं। यदि ऐसा पाया गया तो इसे भी सील किया जाएगा।