कौन बनेगा करोड़पति में अमिताभ बच्चन भी 'कर्मवीर' डॉ जोशी के प्रकृति प्रेम के कायल
पद्मभूषण पर्यावरणविद् डॉ. अनिल प्रकाश जोशी की देश-दुनिया के बिगड़ते पर्यावरण को लेकर यह चिंता टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के सामने उभरी तो वह भी डॉ. जोशी के कायल हो गए।
केदार दत्त, देहरादून। 'हवा, मिट्टी, जंगल पानी सबसे बड़ी चुनौती है। आने वाले समय में यह और भी बड़ी चुनौती होने जा रही है।....दुनिया में आधे से ज्यादा वन खत्म हो चुके हैं। देश की ज्यादातर नदियां मरना शुरू हो गई हैं। हवा, जिसे हम प्राणवायु कहते हैं, वही प्राण लेना चाहती है।' पद्मभूषण पर्यावरणविद् डॉ. अनिल प्रकाश जोशी की देश-दुनिया के बिगड़ते पर्यावरण को लेकर यह चिंता टीवी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के सामने उभरी तो वह भी डॉ. जोशी के कायल हो गए। बच्चन ने इस 'कर्मवीर' के साथ खुद को जोड़ते हुए कहा, 'अब हमारे चिंतित होने का समय आ गया है। यदि अब भी न संभले तो न संभलने का मौका मिलेगा और न संभालने का।' यही नहीं, हॉट सीट पर डॉ.जोशी का साथ देने वाले फिल्म निर्देशक अनुराग बसु भी उनसे खासे प्रभावित हुए। बसु बोले, 'पर्यावरणीय मुद्दों को लेकर हम गंभीर होंगे और डॉ. जोशी के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा।'
पद्मभूषण डॉ.जोशी हिमालयी पर्यावरण अध्ययन एवं संरक्षण संगठन (हेस्को) के माध्यम से देशभर में पर्यावरण संरक्षण की अलख जगा रहे हैं तो आत्मनिर्भरता को लोक विज्ञान व विज्ञान का समावेश कर गांवों की बेहतरी के लिए मुहिम छेड़े हुए हैं। उत्तराखंड के पौड़ी जिले के कोटद्वार निवासी डॉ.जोशी न सिर्फ सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की तर्ज पर सकल पर्यावरणीय उत्पाद (जीईपी) पर निरंतर जोर दे रहे हैं, बल्कि हिमालयी राज्यों के ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर संवारने की कोशिशों में जुटे हैं।
इस सबको देखते हुए 'कौन बनेगा करोड़पति' ने उन्हें कर्मवीर स्पेशल शो में आमंत्रित किया। इसमें डॉ.जोशी शुक्रवार को फिल्म निर्देशक अनुराग बसु के साथ हॉट सीट पर बैठे नजर आएंगे। वह न सिर्फ महानायक अमिताभ बच्चन के सवालों का जवाब देंगे, बल्कि देश-दुनिया के पर्यावरण समेत तमाम मसलों पर अपनी बात रखेंगे। वह इस शो में हिमालयी क्षेत्र से शामिल होने वाले ऐसे पहले कर्मवीर है, जो पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं।
'दैनिक जागरण' से बातचीत में डॉ.जोशी ने कहा कि शो के दौरान पर्यावरण, आत्मनिर्भरता, जीईपी जैसे विषयों पर केंद्रित रही। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को लेकर हालात गंभीर हो रहे हैं। यदि आज नहीं चेते तो आने वाले दिनों में दुश्वारियां अधिक बढ़ जाएंगी। अमिताभ बच्चन ने भी इसे स्वीकारा। डॉ.जोशी के अनुसार शो के दौरान जीईपी के अलावा उनके व्यक्तिगत जीवन पर भी बातचीत हुई। उन्होंने बताया कि फिल्म निर्देशक अनुराग बसु ने पर्यावरणीय मुद्दों को लेकर उनके साथ काम करने की इच्छा जताई है।
हर वक्त हिमालय की चिंता
पिछले 37 वर्षों से डॉ.जोशी पारिस्थितिकी और आर्थिकी के क्षेत्र में कार्यरत हैं, लेकिन मन में चिंता हर वक्त हिमालय और पर्यावरण की रहती है। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में प्राध्यापक रहे डॉ.जोशी ने 1983 में सरकारी नौकरी छोड़ दी और फिर हिमालयी पर्यावरण अध्ययन एवं संरक्षण संगठन (हेस्को) के जरिये अपनी मुहिम को आगे बढ़ाया। इसके बाद तो पर्यावरण, गांव व समाज की सेवा में जुट गए। 'लोकल नीड मीट लोकली' के सूत्रवाक्य पर चलते हुए स्थानीय जरूरतों को पूरा करने पर जोर दिया और पर्यावरण को बचाने की मुहिम भी छेड़ी। हिमालय और हिमालयवासियों के हितों की चिंता के मद्देनजर नौ सितंबर को हिमालय दिवस के आयोजन की नींव पडऩे के पीछे भी डॉ.जोशी की सोच थी।
25 लाख की रकम जीती
कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) में पर्यावरणविद् डॉ.जोशी और फिल्म निर्देशक बसु की जोड़ी ने हॉट सीट से सदी के महानायक के सवालों का बखूबी जवाब दिया। सूत्रों के मुताबिक इस जोड़ी ने 25 लाख की रकम जीतने में कामयाबी पाई। हालांकि, इस संबंध में पूछे गए सवाल को टालते हुए डॉ.जोशी ने कहा कि शुक्रवार को शो देखिये, अपने आप साफ हो जाएगा।
यह भी पढ़ें - कौन बनेगा करोड़पति में हॉट सीट पर बैठीं देहरादून की रश्मि रावत