अंबिका सोनी ने उठाया राष्ट्रपति शासन पर सवाल
कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी ने उत्तराखंड में राष्ट्रपति शासन लगाने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि स्टिंग आपरेशन को राष्ट्रपति शासन लगाने का आधार बनाना गलत है।
देहरादून। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी ने उत्तराखंड में राष्ट्रपति शासन लगाने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि स्टिंग आपरेशन को राष्ट्रपति शासन लगाने का आधार बनाना गलत है।
अंबिका सोनी ने कहा कि कोई भी स्टिंग आपरेशन राष्ट्रपति शासन लगाने का आधार नहीं बन सकता। उन्होंने कहा कि अब यह मामला कोर्ट में है। इसके बाद जनता की अदालत में तय होगा। अरुणाचल और मणिपुर की तर्ज पर उत्तराखंड में भी कांग्रेस केंद्र सरकार के गलत कदमों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोकप्रिय सरकार के कार्यों को देखकर पूरी केंद्र सरकार हिल गई थी। इसीलिए इसे हटाने का कुचक्र रचा गया। उन्होंने कहा कि यदि विधानसभा में फ्लोर टेस्ट होता है तो उसके लिए कांग्रेस पूरी तरह से तैयार है। कांग्रेस के सभी विधायक एकजुट हैं और फ्लोर टेस्ट में वे वोट करेंगे।
आज प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी ने हरिद्वार बाइपास स्थित एक होटल में विधायकों के साथ बैठक की। इस दौरान निर्वतमान सीएम हरीश रावत ने कहा वे आज आये हाई कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हैं। डबल बेंच को लगा कि जो भी हुआ उस पर विचार जरूरी है। जितनी जल्दी राष्ट्रपति शासन खत्म हो राज्य के लिए बेहतर है। पूरा विश्वास है प्रदेश की जनता को न्याय मिलेगा। बोले हाई कोर्ट ने भी प्रथम दृष्टया बागी विधायकों की सदयस्ता रद मानी है। तभी स्टे नही दिया। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री इंदिरा ह्देश आदि मौजूद रहे।