अजय भट्ट ने की पदोन्नति में आरक्षण की पैरवी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद अजय भट्ट ने पदोन्नति में आरक्षण दिए जाने की पैरवी की है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद अजय भट्ट ने पदोन्नति में आरक्षण दिए जाने की पैरवी की है। उन्होंने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को पत्र लिखकर उत्तराखंड लोक सेवा अधिनियम की व्यवस्थानुसार कार्यवाही करने का अनुरोध किया है, जिससे समस्त अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के कार्मिकों का जीवन स्तर सुधर सके।
बुधवार को सोशल मीडिया में तेजी से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद का पत्र वायरल हो रहा है। यह पत्र उनके लैटरपेड पर लिखा गया है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को संबोधित पत्र के साथ एससी, एसटी कर्मचारी एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मदन कुमार शिल्पकार का पत्र संलग्न किया गया है, जिसमें उन्होंने उच्च न्यायालय की याचिका के अनुपालन में पदोन्नति में आरक्षण देने का अनुरोध किया है।
पत्र में कहा गया है कि राज्याधीन लोक सेवाओं में संबंधित संगठनात्मक ढांचों को प्रोन्नति के सभी रिक्त पदों को अनुसूचित जाति एवं जनजाति के कार्मिकों को उत्तराखंड लोक सेवा अधिनियम के तहत प्रदत्त व्यवस्था के अनुसार भरे जाने की नियमानुसार कार्यवाही करने का आदेश जारी करें ताकि समस्त अनुसूचित जाति व जनजाति के कार्मिकों का जीवन स्तर सुधर सके। इस संबंध में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद अजय भट्ट से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप