विकास की आधारशिला होगा कॉन्क्लेव: भट्ट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद अजय भट्ट ने मसूरी में आयोजित हिमालयन कॉन्क्लेव में लिए गए मसूरी संकल्प का स्वागत किया है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद अजय भट्ट ने मसूरी में आयोजित हिमालयन कॉन्क्लेव में लिए गए 'मसूरी संकल्प' का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह संकल्प उत्तराखंड समेत हिमालयी राज्यों के विकास की आधारशिला साबित होगा।
मसूरी में आयोजित हुए हिमालयन कॉन्क्लेव के बाद एक बयान जारी कर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद अजय भट्ट ने हिमालयी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन को सफल बताया। उन्होंने कहा कि यह संकल्प सम्मेलन की मुख्य अतिथि व केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को सौंपा गया है। इससे केंद्र सरकार को हिमालयी राज्यों की नीति निर्धारण के लिए ठोस आधार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने इस आयोजन की पहल की और कामयाबी से इसे संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में केंद्रीय वित्त मंत्री व वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति से स्पष्ट है कि केंद्र सरकार हिमालयी राज्यों के विकास को लेकर गंभीर है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप