दो माह बाद जौलीग्रांट से हवाई सेवा शुरू
आखिरकार दो माह बाद देहरादून के जौलीग्रांट हवाई अड्डे से उड़ानों का संचालन शुरू हो गया। पहले दिन दिल्ली और पंतनगर के लिए उड़ानें हुई। हालांकि सोमवार को छह उड़ानें प्रस्तावित थीं लेकिन मुंबई से देहरादून आने और जाने वाली उड़ान रद कर दी गई। इस दौरान विभिन्न उड़ानों से 127 यात्री देहरादून पहुंचे और 140 यहां से रवाना हुए।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश : आखिरकार दो माह बाद देहरादून के जौलीग्रांट हवाई अड्डे से उड़ानों का संचालन शुरू हो गया। पहले दिन दिल्ली और पंतनगर के लिए उड़ानें हुई। हालांकि सोमवार को छह उड़ानें प्रस्तावित थीं, लेकिन मुंबई से देहरादून आने और जाने वाली उड़ान रद कर दी गई। इस दौरान विभिन्न उड़ानों से 127 यात्री देहरादून पहुंचे और 140 यहां से रवाना हुए। देहरादून पहुंचने वाले सभी यात्रियों को क्वारंटाइन कर दिया गया। क्वारंटाइन किए जाने से यात्रियों में कुछ नाराजगी भी दिखी। यात्रियों का कहना था कि उन्हें इस बारे में सूचना नहीं दी गई थी।
25 मार्च को लॉकडाउन शुरू होते ही जौलीग्रांट एयरपोर्ट से भी उड़ानें बंद कर दी गई थीं। दो माह बाद हवाई अड्डे पर एक बार फिर रौनक लौटी। एयरपोर्ट के निदेशक डीके गौतम ने बताया कि हवाई अड्डे पर नियमों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। बोर्डिग से पहले विमान को सेनेटाइज करने के साथ ही शारीरिक दूरी के मानकों का पूरा पालन किया जा रहा है। यात्रियों के लिए मास्क लगाना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि आमतौर पर यहां से हर रोज 22 उड़ान होती थीं। सोमवार को यहां से छह उड़ानें प्रस्तावित थीं। इनमें से चार दिल्ली, एक पंतनगर और एक उड़ान मुंबई के लिए थी, लेकिन मुंबई से देहरादून आने वाली फ्लाइट रद कर दी गई। ऐसे में देहरादून से मुंबई के लिए भी उड़ान नहीं हो पाई, जबकि पांच उड़ानें अपने नियमित समय पर संचालित की गई। एयरपोर्ट के प्रबंधक सुमित सक्सेना ने बताया कि मुंबई से देहरादून फ्लाइट रद कर दी गई थी। इस वजह से देहरादून से मुंबई जाने वाली उड़ान का संचालन नहीं हो पाया। इसकी सूचना रविवार को ही यात्रियों को दे दी गई थी। इस कारण मुंबई जाने वाले यात्री एयरपोर्ट नहीं पहुंचे।
-----
पहली फ्लाइट से तीन यात्री पहुंचे देहरादून
सोमवार को सुबह 7:20 बजे दिल्ली से पहली फ्लाइट जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर पहुंची। एयर इंडिया की इस फ्लाइट में कुल तीन यात्री सवार थे। वहीं देहरादून से पंतनगर जाने वाली उड़ान में भी सिर्फ चार यात्री सवार हुए और पंतनगर से देहरादून पहुंचे यात्रियों की संख्या भी तीन रही। हालांकि इंडिगो की उड़ानों में यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत ठीक रही।
--
सौ प्रतिशित क्षमता पर उड़ रही फ्लाइटें
डोईवाला : जौलीग्रांट एयरपोर्ट के प्रबंधक सुमित सक्सेना ने बताया कि विमान में यात्रियों की क्षमता कम करने को लेकर कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। सभी उड़ानें शत प्रतिशत क्षमता के साथ संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट पर प्रत्येक यात्री की स्क्रीनिग करने के बाद उसे एक किट भी दी जा रही है। इसमें सेनिटाइजर और मास्क आदि उपलब्ध हैं। हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट की चिकित्सा टीम ने यात्रियों की स्वास्थ्य की जांच की।
--------------
देहरादून और ऋषिकेश भेजे गए यात्री
डोईवाला: सोमवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर करीब 127 यात्रियों में से अधिकतर दून के हैं। कुछ यात्री सहारनपुर के भी थे। स्वास्थ्य जांच के बाद यात्रियों को गढ़वाल मंडल विकास निगम की बसों देहरादून और ऋषिकेश के होटलों में भेजा गया। डोईवाला की उपजिलाधिकारी लक्ष्मी राज चौहान ने बताया कि यात्रियों को इन होटलों में क्वारंटाइन किया गया है।
------------