पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की कर चरस बेचने के आरोपी को छुड़ाया
छरबा में चरस तस्करी की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस कर्मियों के साथ स्थानीय कुछ लोगों ने जमकर धक्का-मुक्की की और चरस तस्करी के आरोपित को छुड़ा लिया।
विकासनगर, जेएनएन। थाना सहसपुर अंतर्गत रेहड़ापुर छरबा में चरस तस्करी की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस कर्मियों के साथ स्थानीय कुछ लोगों ने जमकर धक्का-मुक्की की और चरस तस्करी के आरोपित को छुड़ा लिया। जिसके बाद पुलिस ने पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा इस मामले में आरोपों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालना व धक्का-मुक्की करने आदि धाराओं में मामला दर्ज कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सहसपुर थाने की पुलिस को सूचना मिली की रेहदापुर छरबा में साजिद निवासी छरबा चरस की तस्करी कर रहा है। इस पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने जैसे ही आरोपी को दबोचा, आरोपित व आसपास के लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की कर डाली। इसका फायदा उठाते हुए आरोपित एक पुलिसकर्मी का अंगूठा चबा लिया और भाग निकला। दरोगा गुप्ता ने पूरे मामले की जानकारी थाना अध्यक्ष विजय सिंह को दी।
देखते ही देखते भारी संख्या में मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को छुड़ाने वाले व पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष विजय सिंह के अनुसार आरोपित व धक्का-मुक्की करने वालों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया जा रहा है। चरस बेचने के फरार आरोपित की तलाश में पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है।
यह भी पढ़ें: पुलिस ने जंगल के रास्ते अवैध शराब के साथ दो को किया गिरफ्तार
यह भी पढ़ें: पुलिस के हत्थे चढ़े तीन स्मैक तस्कर, 12 ग्राम से ज्यादा स्मैक बरामद