उत्तराखंड: 'आप' ने जेपी नड्डा के उत्तराखंड दौरे को लिाय आड़े हाथ, कहा- भाजपा को सता रहा सत्ता गंवाने का डर
आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश प्रवक्ता रविंद्र आनंद ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के उत्तराखंड दौरे पर कटाक्ष किया। उनका कहना है कि उत्तराखंड से भाजपा का जनाधार खात्मे की कगार पर है। इस बात का अंदाजा भाजपा शीर्ष नेतृत्व को भी लग गया है।
जागरण संवाददाता, देहरादून। आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश प्रवक्ता रविंद्र आनंद ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के उत्तराखंड दौरे पर कटाक्ष किया। उनका कहना है कि उत्तराखंड से भाजपा का जनाधार खात्मे की कगार पर है। इस बात का अंदाजा भाजपा शीर्ष नेतृत्व को भी लग गया है। इसी के चलते भाजपा ने प्रदेश में नए प्रभारी और सहप्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी उत्तराखंड के चार दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं।
आप प्रवक्ता रविंद्र आनंद ने गुरुवार को प्रेस को जारी बयान में कहा कि भाजपा प्रदेश में बूथ स्तर पर कमजोर पड़ चुकी है। भले ही यहां के नेता इस बात को छुपाने की कोशिश करते रहें, लेकिन केंद्र इस बात को बखूबी समझ चुका है। यही कारण है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बूथ लेवल तक जाने का मन बना रहे है। आनंद ने कहा कि आप के उत्तराखंड में प्रवेश से भाजपा में बौखलाहट व बगावत देखने को साफ मिल रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा में कई कार्यकर्ता और नेता घुटन महसूस कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि भाजपा में प्रमाणित कार्यकर्ताओं को दरकिनार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आप पार्टी संगठन और बूथ स्तर पर गंभीरता से काम कर रही है। प्रदेश भर में 80 प्रतिशत बूथों पर पार्टी ने अपनी पकड़ बना ली है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी बूथों पर तैयारी पूर्ण हो जाएगी। कहा कि आप पार्टी ने पूरे देश को संदेश दिया है कि पार्टी जो कहती है, उसे करके दिखाती है। राजधानी दिल्ली इसका सबसे बड़ा प्रमाण है। उसी तर्ज पर उत्तराखंड में भी जनता आप पार्टी को तीसरे विकल्प के रूप में स्वीकार कर चुकी है।