उत्तराखंड के स्कूलों की स्थिति उजागर करने को आप पार्टी का 'सेल्फी विद स्कूल' अभियान, जारी किया नंबर
Aam Admi Party आम आदमी पार्टी उत्तराखंड के स्कूलों की स्थिति को उजागर करने के लिए आठ से दस जनवरी तक प्रदेश भर में सेल्फी विद स्कूल अभियान चलाएगी। इसके लिए पार्टी ने एक नंबर भी जारी किया है।
जागरण संवाददाता, देहरादून। Aam Admi Party उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों की मौजूदा स्थिति को उजागर करने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) प्रदेशभर में तीन दिवसीय 'सेल्फी विद स्कूल' अभियान शुरू किया है। यह अभियान आठ से दस जनवरी तक चलेगा। आप ने प्रदेश की जनता से इस अभियान से जुड़कर स्कूलों की स्थिति उजागर करने में मदद करने की अपील की है।
शुक्रवार को आप के प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता उमा सिसोदिया ने कहा कि जब पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने अपने उत्तराखंड दौरे के दौरान यहां के स्कूलों की हालत और शिक्षा पर चिंता व्यक्त की तो प्रदेश के मंत्री व विधायक तमाम दावे करते नजर आए। शिक्षामंत्री अरविंद पांडे ने तो उत्तराखंड में दिल्ली से बेहतर स्कूल होने का दावा कर दिया। अब आप ने इसका फैसला जनता पर छोड़ दिया है। इसी कड़ी में प्रदेशवासियों से अपील की गई है कि सेल्फी विद स्कूल अभियान से जुड़कर अपने आसपास के स्कूलों की बदहाली को सीधे मुख्यमंत्री और शिक्षामंत्री को इंटरनेट मीडिया के जरिये दिखाएं।
जिससे सरकार के झूठे दावों की पोल खुल सके। इसके अलावा लोग स्कूलों की सेल्फी और वीडियो वाट्सएप नंबर 8800026100 के माध्यम से आप को भी भेज सकते हैं। इन वीडियो और सेल्फी को आप खुद मुख्यमंत्री व शिक्षामंत्री तक पहुंचाएगी। वहीं, आप प्रवक्ता संजय भट्ट ने कहा कि पिछले 20 साल में उत्तराखंड की शिक्षा व्यवस्था गर्त में पहुंच गई है। पहाड़ी क्षेत्रों के स्कूलों में अध्यापक नहीं है। बच्चों की कमी के चलते कई स्कूल बंद किए जा चुके हैं और कई बंद होने की कगार पर हैं।
यह भी पढ़ें- Dehradun Nagar Nigam: कार्यकारिणी में चार भाजपा और दो कांग्रेस पार्षदों को जगह, ये सदस्य हुए बाहर