Uttarakhand Lockdown: नियम तोड़ने पर पहले चरण में 6394 लोग गिरफ्तार, लॉकडाउन 2.0 में और बढ़ेगी सख्ती
लॉकडाउन के पहले चरण में कार्रवाई के आंकड़े इशारा करते हैं कि लॉकडाउन 2.0 में पुलिस को और सख्त कदम उठाने होंगे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6394 को गिरफ्तार भी किया।
देहरादून, जेएनएन। लॉकडाउन के पहले चरण में कार्रवाई के आंकड़े इशारा करते हैं कि लॉकडाउन 2.0 में पुलिस को और सख्त कदम उठाने होंगे। दरअसल, 24 मार्च से 14 अप्रैल के बीच लॉकडाउन का पालन कराने में पुलिस को खूब पसीना बहाना पड़ा। इस दौरान न मानने वालों पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6394 को गिरफ्तार भी किया।
लॉकडाउन के तीन मई तक बढ़ने से यह तो स्पष्ट हो गया है कि कोरोना संक्रमण का खतरा अभी बरकरार है। इस खतरे से तभी पार पाया जा सकता है, जब लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जाए। हालांकि, यह इतना आसान भी नहीं है। लॉकडाउन के पहले चरण में हुई कार्रवाई की तस्वीर तो इसी ओर इशारा करती है। 22 को जनता कर्फ्य के बाद 24 मार्च को जब लॉकडाउन 21 दिन के लिए बढ़ा तो पुलिस को लगा कि लोग खुद-ब-खुद घरों में कैद हो जाएंगे। लेकिन, ऐसा हुआ नहीं।
लोग बहाने ढूंढकर घरों से बाहर निकलते ही रहे। तब पुलिस को सख्त कदम उठाने पड़े। प्रदेश में अभी तक कुल 1584 मामले लॉकडाउन उल्लंघन को लेकर दर्ज किए गए। इसमें 6394 आरोपितों को गिरफ्तार किया। वहीं, एमवी एक्ट के तहत 17 हजार 141 वाहनों का चालान भी किया गया। जबकि 4296 वाहनों सीज किए। इस दौरान करीब 82 लाख रुपये जुर्माने के तौर पर वसूला गया।
आखिरी दिन दर्ज हुए 50 मुकदमे 285 लोग किए गए गिरफ्तार
लॉकडाउन के पहले चरण के आखिरी दिन प्रदेश भर में 50 मुकदमे दर्ज किए गए। इस दौरान 285 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। जबकि बुधवार को हरिद्वार जिले में लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर पुलिस ने 24 लोगों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 17 वाहन सीज किए गए, जबकि 32 चालान किए गए।
इधर देहरादून में लॉकडाउन उल्लंघन के कुल नौ मामले दर्ज किए गए। इनमें ग्यारह को गिरफ्तार किया गया। वहीं शारीरिक दूरी का पालन न करने पर तीन दुकानदारों समेत चार के खिलाफ अभियोग दर्ज किया गया। पुलिस एक्ट के तहत दस के खिलाफ कार्रवाई की गई। 273 वाहनों का चालान और 35 वाहन सीज किए गए।
अशोक कुमार (पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था) का कहना है कि लॉकडाउन के दूसरे चरण में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। लॉकडाउन का पालन कराने के लिए सभी जिलों को दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: लॉकडाउन के उल्लंघन में उत्तराखंड में 307 लोग गिरफ्तार, 64 मुकदमे दर्ज