उत्तराखंड में कोरोना के 47 नए मामले
उत्तराखंड में कोरोना का संक्रमण थम नहीं रहा है। गुरुवार को छह जिलों से 47 और मामले सामने आए हैं। बढ़ते मामलों के बीच रिकवरी रेट जरूर कुछ सकून दे रहा है। गुरुवार को भी छह जनपदों से 22 मरीज स्वस्थ्य होकर डिस्चार्ज हुए हैं।
जागरण संवाददाता, देहरादून: उत्तराखंड में कोरोना का संक्रमण थम नहीं रहा है। गुरुवार को छह जिलों से 47 और मामले सामने आए हैं। बढ़ते मामलों के बीच रिकवरी रेट जरूर कुछ सकून दे रहा है। गुरुवार को भी छह जनपदों से 22 मरीज स्वस्थ्य होकर डिस्चार्ज हुए हैं। बता दें, अभी तक प्रदेश में कोरोना के 3305 मामले सामने आए हैं। जिनमें से अब तक 2672 (80.85) मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं 558 मरीज विभिन्न अस्पतालों व कोविड केयर सेंटरों में भर्ती हैं। कोरोना संक्रमित 29 लोग राज्य से बाहर चले गए हैं। जबकि 46 मरीजों की मौत भी हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को 1894 सैंपलों की जाच रिपोर्ट मिली है। इनमें 1847 की रिपोर्ट निगेटिव और 47 मामले पॉजिटिव हैं। देहरादून में सबसे अधिक 20 लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें सेना के जवान व स्वास्थ्य कर्मी भी शामिल हैं। नैनीताल में भी 12 और लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इनमें पाच दिल्ली, तीन बरेली व एक बिहार से लौटा शख्स है। जबकि दो व्यक्ति कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आए हुए और एक की ट्रेवल हिस्ट्री अभी पता नहीं लग पाई है। पौड़ी में भी दिल्ली से लौटे पाच लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। टिहरी में भी पाच नए मामले सामने आए हैं। इनमें चार कुवैत से और एक दिल्ली से लौटा शख्स है। ऊधमसिंहनगर में तीन लोग कोरोना की चपेट में आए हैं। इनमें एक मुंबई से लौटा व्यक्ति, जबकि दो अन्य कोरोना संक्रमित के संपर्क में आए लोग हैं। चंपावत में भी दिल्ली व नोएडा से वापस लौटे दो और लोग संक्रमित मिले हैं। इधर, गुरुवार को नैनीताल से नौ, देहरादून से छह, बागेश्वर से तीन, अल्मोड़ा से दो और उत्तरकाशी व हरिद्वार से एक-एक मरीज डिस्चार्ज हुआ है।