सचिवालय कूच में ताकत दिखाएंगे उपनल कर्मी, मिनिस्टीरियल कर्मियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
समान कार्य समान वेतन और नियमितीकरण की मांग को लेकर उपनल कर्मियों का आंदोलन अब भी जारी है। 12 दिन से धरने पर डटे कर्मचारियों ने अब सचिवालय कूच कर सरकार को ताकत दिखाने का निर्णय लिया है।
जागरण संवाददाता, देहरादून। समान कार्य समान वेतन और नियमितीकरण की मांग को लेकर उपनल कर्मियों का आंदोलन जारी है। 12 दिन से धरने पर डटे कर्मचारियों ने अब सचिवालय कूच कर सरकार को ताकत दिखाने का निर्णय लिया है। आठ मार्च को प्रस्तावित सचिवालय कूच में अधिक से अधिक कर्मचारियों से शामिल होने का आह्वान किया जा रहा है। वहीं, दूसरी ओर पदोन्नति की मांग को लेकर बेमियादी हड़ताल पर चल रहे महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के मिनिस्टीरियल कर्मियों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
शनिवार को उपनल कर्मचारी महासंघ के बैनर तले सहस्रधार रोड स्थित एकता विहार में धरना जारी रहा। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष कुशाग्र जोशी ने कहा कि जब तक मांगों पर कार्रवाई नहीं की जाती आंदोलन जारी रहेगी। कोर्ट के आदेश के बावजूद समान कार्य समान वेतन को लागू नहीं किया जा रहा है। कहा कि आंदोलन को तेज करने के लिए आठ मार्च को सचिवालय कूच किया जाएगा।
इसी क्रम में विभिन्न विभागों में जाकर कर्मचारियों से सचिवालय कूच में शामिल होने का आह्वान किया गया। सभी विभागों के कर्मचारियों ने आश्वासन दिया कि वे महासंघ की जायज मांगों को लेकर आंदोलन में शामिल होंगे। धरने में सभापति विनोद गोदियाल, मुख्य संयोजक आंदोलन महेश भट्ट, महामंत्री हेमंत रावत, भावेश जगूड़ी, हरीश कोठारी, दिनेश रावत, अभिनव जोशी, रोहित वर्मा, आशुतोष पुरोहित, विजय राम खंकरियाल, विनय प्रसाद, हिमांशु जुयाल, मनोज सिंह, आनंद रावत, दीपक भट्ट, मुकेश नेगी आदि शामिल रहे।
मिनिस्टीरियल कर्मियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
मिनिस्टीरियल कर्मचारियों ने आठवें दिन शनिवार को भी नंदा की चौकी स्थित कार्यालय परिसर में धरना दिया। प्रांतीय बाल विकास मिनिस्टीरियल एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष सोहन सिंह रावत ने कहा कि विभाग में 207 पद हैं। वर्तमान में 52 रिक्त हैं। एक वर्ष पूर्व शासन ने इन पदों पर पदोन्नति के आदेश जारी किए थे, लेकिन विभागीय स्तर पर इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
कर्मचारियों को समर्थन देने के लिए पहुंचे बाल विकास मिनिस्टीरियल सर्विसेज एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश ध्यानी ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की मांग को अनदेखा नहीं करना चाहिए। इस मौके पर एसोसिएशन के महामंत्री एमआर खंडूड़ी, एमसी बिजल्वाण, उमा दत्त जोशी, योगेंद्र वर्मा, गजे सिंह, कुसुम थपलियाल, महेंद्र नेगी आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- बकाये की मांग को लेकर फैक्ट्री कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें