मास्क ना पहनने वालों के खिलाफ अभियान, 67 चालान
कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए मास्क पहनना जरूरी है। इस मामले में लापरवाही करने वालों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने जन जागरण के साथ जांच अभियान चलाया। इस दौरान 67 के चालान कर छह हजार सात सौ रुपये जुर्माना वसूला गया।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश :
कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए मास्क पहनना जरूरी है। इस मामले में लापरवाही करने वालों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने जन जागरण के साथ जांच अभियान चलाया। इस दौरान 67 के चालान कर छह हजार सात सौ रुपये जुर्माना वसूला गया।
उप जिलाधिकारी वरुण चौधरी के साथ नगर निगम और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने प्रमुख बाजार में जन जागरण अभियान चलाया। उप जिलाधिकारी ने स्वयं मास्क ना पहनने वालों को हिदायत देने के साथ निश्शुल्क मास्क वितरित किए। लायंस क्लब रॉयल की ओर से मास्क की व्यवस्था की गई। उप जिला अधिकारी ने बताया कि जन जागरण के साथ दंडात्मक कार्रवाई दोनों का प्रावधान किया गया है।अभियान में लायंस क्लब रॉयल के अध्यक्ष अभिनव गोयल, रोटरी क्लब के अध्यक्ष नितिन गुप्ता, धीरज मखीजा, संजय अग्रवाल, अतुल जैन, लविश अग्रवाल, सुशील छाबड़ा आदि शामिल हुए। दूसरी और नगर निगम की ओर से सफाई निरीक्षक सचिन रावत और टीम ने इस दौरान 20 लोग के चालान किए। कोतवाली पुलिस के द्वारा भी विभिन्न स्थानों पर मास्क ना पहनने वालों की जांच की गई। कोतवाली के उपनिरीक्षक ओम कांत भूषण ने बताया कि कोतवाली गेट के अतिरिक्त घाट चौराहा, श्यामपुर चौकी, आइडीपीएल, इंद्रमणि बडोनी चौक, चंद्रभागा पुल आदि क्षेत्रों में अभियान चला कर 36 लोगों के चालान किए गए।
उधर, नगर स्वर्गाश्रम की ओर से अध्यक्ष माधव अग्रवाल और अधिशासी अधिकारी मोहन प्रसाद गौड़ ने गंगा घाटों के अतिरिक्त बाजार में जन जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान 11 के चालान किए गए।