सेलाकुई में हंगामा कर रहे श्रमिकों ने पुलिस पर किया पथराव, मुकदमा दर्ज
देहरादून जिले के सेलाकुई स्थित एक कंपनी के श्रमिकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिसकर्मियों ने बचाव करते हुए एक दर्जन श्रमिकों को हिरासत में लिया है।
देहरादून, जेएनएन। सेलाकुई की डिक्सन कंपनी के बाहर वेतन भुगतान की मांग को लेकर जमकर हंगामा हुआ। इसपर फैक्ट्री कर्मियों को समझाने गए पुलिस कर्मियों पर कुछ उपद्रवियों ने पथराव कर दिया। फिलहाल, मामले को लेकर 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
दरअसल, शनिवार सुबह कंपनी के एचआर मैनेजर अतिन वालिया ने पुलिस को सूचना दी कि कुछ कर्मी कंपनी के गेट पर धरना देकर बैठ गए हैं। श्रमिक अपैल माह के वेतन के लिए नारेबाजी कर रहे थे, प्रबंधन के समझाने के बावजूद वह गेट से नहीं हटे। थाना सेलाकुई से उपनिरीक्षक पंकज कुमार और सिपाही महेंद्र सिंह के साथ चीता ड्यूटी पर रवाना सिपाही अनीश व संजय कुमार मौके पर पहुंचे।
पुलिस टीम ने फैक्ट्री कर्मियों को समझाया तो कुछ कर्मी अपने घर के लिए चल दिए। लेकिन कुछ कर्मी जिनमें महिलाएं भी शामिल थी, ने फील्ड में जमा होना शुरू कर दिया। पुलिस ने गाड़ी में लगे पीए सिस्टम से शारीरिक दूरी बनाने व घर जाने के लिए कहा तो वह नहीं माने। इसी भीड़ से कुछ कर्मी उग्र होकर गेट पर मौजूद फैक्ट्री कर्मियों व पुलिस पर पथराव शुरू कर दिए। पुलिस की माने तो उपद्रव कर रहे कर्मियों को कुछ व्यक्ति पत्थर फेंकने के लिए उकसा भी रहे थे। पत्थरबाजी होने पर फैक्ट्री व पुलिसकर्मी पीछे की तरफ हटे कि इतनी ही देर में फील्ड में खड़ी सरकारी चीता मोटर साइकिल को कुछ महिला व पुरूषों ने ईट, पत्थर से क्षतिग्रस्त कर दिया।
पहले पानी भरने को लेकर चले लाठी-डंडे
दून के राजपुर क्षेत्र में सरकारी हैंडपंप पर पहले पानी भरने को लेकर अलग-अलग समुदाय के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और लाठी-डंडे चलने लगे। राजपुर थाना पुलिस के मौके पर पहुंचने तक कई लोग चोटिल हो चुके थे। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। जिस पर पुलिस ने दोनों पक्षों से छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
एसओ अशोक राठौड़ के अनुसार, वीर गबर सिंह बस्ती कैनाल रोड में रहने वाले नूर अली और सुरेश थापा पड़ोसी हैं। दोनों परिवारों में काफी समय से विवाद चल रहा है। उनके घर के पास एक सरकारी नल है, जहां से बस्ती के सभी लोग पानी ले जाते हैं। शुक्रवार को सुरेश नल पर पानी भरने गया था। तभी नूर अली भी वहां पहुंच गया और पहले पानी भरने देने की बात कहने लगा। सुरेश ने इन्कार किया तो नूर अली विवाद करने लगा। दोनों में गाली-गलौज शुरू हो गई।
यह भी पढ़ें: पत्नी से विवाद में साले को गोली मारी, आरोपित दो सगे भाई गिरफ्तार
कुछ ही देर में वहां दोनों पक्षों के कई लोग जमा हो गए। जिससे विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया। कुछ देर बाद दोनों पक्ष थाने पहुंच गए और एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग करने लगे। जिस पर पुलिस ने क्रॉस एफआइआर दर्ज कर ली।
यह भी पढ़ें: यमुना नदी में चल रहे अवैध खनन को रोकने गई पुलिस टीम पर हमला, मुकदमा दर्ज