बदमाशों ने अभिनेत्री की बहन से फायरिंग कर चेन लूटी Dehradun News
बदमाशों ने 18 घंटे के भीतर असलहे के बल पर दूसरी चेन लूट को अंजाम दे दिया। हैरानी वाली बात यह है कि ये घटना भी वसंत विहार थाना क्षेत्र के पॉश इलाके में हुई।
देहरादून, जेएनएन। पुलिस की नाकेबंदी को धता बताते हुए बदमाशों ने 18 घंटे के भीतर असलहे के बल पर दूसरी चेन लूट को अंजाम दे दिया। हैरानी वाली बात यह है कि ये घटना भी वसंत विहार थाना क्षेत्र के पॉश इलाके में हुई। बदमाशों ने दिनदहाड़े स्कूटी सवार महिला की कनपटी न केवल असलहा ताना, बल्कि छीनाझपटी होने पर गोली भी चला दी। गनीमत रही कि गोली महिला के कान को छूते हुए निकल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना से संबंधित साक्ष्य खंगाले।
निधि बजाज पत्नी अमृत बजाज निवासी 65-बी लेन नंबर 13, विजय पार्क एक्सटेंशन रविवार की दोपहर अभिनेत्री चचेरी बहन आयुषी के साथ शॉपिंग के लिए गई थीं। दोनों स्कूटी से थीं। स्कूटी निधि चला रही थीं। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे दोनों शॉपिंग कर सहारनपुर चौक होते हुए घर को लौट रही थीं। विजय पार्क एक्सटेंशन में वह लेन नंबर 13 से थोड़ा पहले पहुंचीं ही थीं कि तभी पीछे से आए ग्रे कलर की स्कूटी सवार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया।
दोनों ही बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था। निधि व आयुषी कुछ समझ नहीं पाई। तभी उनमें से एक आयुषी की ओर आया, मगर उसने गले में कुछ नहीं पहना था। इस पर बदमाशों ने निधि को निशाने पर लेते हुए धमकाया कि इतना गोल्ड क्यों पहन रखा है उतारो। निधि हड़बड़ा गई और पीछे हटने की कोशिश की। तभी बदमाशों में से एक ने उनकी कनपटी पर पिस्टल सटा दी।
इसके बाद भी निधि ने हिम्मत नहीं हारी और चेन कसकर पकड़ ली। तभी बदमाश ने कनपटी पर रखी पिस्टल से फायर झोक दिया। गनीमत रही कि निधि ने बदमाश के हाथ में हरकत होते देखते हुए सिर घुमा दिया। जिससे गोली उनके कान को छूते हुए निकल गई। निधि और आयुषी थर-थर कांपने लगीं। दोनों को डरा-सहमा देख बदमाशों ने निधि के गले में पड़ी सोने की मोटी चेन खींच ली और फिर हाथ में पहने सोने के कंगन को भी उतारने को धमकाया, लेकिन तब तक गोली चलने की आवाज से आसपास के लोग घरों से बाहर निकलने लगे तो बदमाश कांवली रोड की ओर असलहा लहराते हुए भाग निकले।
मौके से मिला खोखा वारदात के बाद पुलिस काफी देर तक नकारती रही कि मौके पर फायरिंग हुई है, लेकिन पुलिस को जब मौके से खोखा पड़ा मिला तो उसकी जुबान बंद हो गई। पुलिस ने खोखे को कब्जे में ले लिया है।
सहारनपुर चौक से पीछे लग गए थे बदमाश
निधि ने बताया कि वह सहारनपुर चौक से कांवली रोड की ओर मुड़ीं तो एक ग्रे कलर की स्कूटी उनका पीछा करने लगी थी। तब उन्हें लगा कि सड़क है, बहुत सारे लोग इस पर चलते हैं, होगा कोई। उन्हें इस बात का जरा भी अहसास नहीं हो पाया था कि वह और उनकी बहन बदमाशों के निशाने पर आ गई हैं। थोड़ा शक उन्हें तब हुआ, जब वह कॉलोनी की ओर मुड़ी। क्योंकि तब स्कूटी सवार बदमाश ठीक उनके पीछे उतनी ही रफ्तार से चल रहे थे, जितनी तेज उनकी स्कूटी चल रही थी।
तीस सेकेंड के भीतर अंजाम दी वारदात
विजय पार्क एक्सटेंशन के लेन नंबर तेरह के पास ओवरटेक कर स्कूटी रोकने से लेकर वारदात को अंजाम देने में हथियाबंद बदमाशों को महज तीस सेकेंड लगे। इलाके में कई सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिनमें बदमाशों के दुस्साहसिक वारदात कैद हो गई है। इन्हीं फुटेज के सहारे पुलिस शहर में नाकेबंदी कर चेकिंग कर रही है।
बोली एसपी
एसपी सिटी श्वेता चौबे का कहना है कि 18 घंटे के भीतर वसंत विहार थाना क्षेत्र में चेन लूट की वारदात होना बेहद गंभीर है। कई अहम सुराग मिले हैं, जिसके आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: चेन स्नेचर और पर्स लुटेरों का सॉफ्ट टारगेट बना दून शहर Dehradun News
यह भी पढ़ें: असलहा दिखाकर पहले दंपती को रोका, फिर महिला के गले से चेन लूटकर हो गए फरार Dehradun News