सचिवालय में महिला कर्मचारी ने लगाया बदसलूकी का आरोप
राज्य ब्यूरो, देहरादून: सचिवालय में कार्यरत एक महिला समीक्षा अधिकारी ने अपने अनुभाग अधिकारी पर बदसलू
राज्य ब्यूरो, देहरादून: सचिवालय में कार्यरत एक महिला समीक्षा अधिकारी ने अपने अनुभाग अधिकारी पर बदसलूकी करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि अनुभाग अधिकारी ने उनके द्वारा पूर्व में की गई शिकायत से नाराज होकर उनसे बदसलूकी की। चर्चा यह भी है कि महिला समीक्षा अधिकारी की शिकायत पर अनुभाग के एक कर्मचारी को हटा भी दिया गया है।
सचिवालय में चल रही चर्चाओं के अनुसार सचिवालय के एक अनुभाग में महिला समीक्षा अधिकारी की उपस्थिति में आपसी बातचीत में कुछ कर्मचारियों ने अपशब्दों का प्रयोग किया। इस पर महिला समीक्षा अधिकारी ने आपत्ति जताई। कर्मचारी के माफी मांगने पर यह बात आई गई हो गई। इसके कुछ दिनों बाद यह बात फिर दोहराई गई इस पर महिला समीक्षा अधिकारी ने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की। इसके बाद उक्त कर्मचारी को सेक्शन से हटा दिया गया। यह जानकारी मिलने पर अनुभाग अधिकारी ने महिला समीक्षा अधिकारी से इस बारे में बातचीत की। इस पर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। आरोप है कि इस दौरान अनुभाग अधिकारी ने कुछ तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया। इसके बाद महिला समीक्षा अधिकारी ने फिर से उच्चाधिकारियों से इस संबंध में शिकायत की है। यह महिला समीक्षा अधिकारी अब अनुभाग में भी जाने से कतराने लगी है। अनुभाग अधिकारी चूंकि सचिवालय संघ में पदाधिकारी भी है ऐसे में संघ पर भी सवाल उठ रहे हैं।
संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी का कहना है कि यह मामला संघ का नहीं है। यह अनुभाग का अंदरूनी मामला है। इसे बातचीत के जरिए हल कर लिया जाएगा। वहीं, संघ के महासचिव प्रदीप पपनै का कहना है कि मामले को जबरदस्ती तूल दिया जा रहा है।