राहुल गांधी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर की आतिशबाजी
संवाद सहयोगी, विकासगनर: राहुल गांधी के निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने
संवाद सहयोगी, विकासगनर: राहुल गांधी के निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तिलक भवन के सामने आतिशबाजी कर मिठाई बांटी। कार्यकर्ताओं ने एक ओर राहुल के नेतृत्व में वर्तमान व भविष्य की चुनौतियों के लिए संघर्ष करने की बात कही, वहीं दूसरी ओर भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला।
कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महामंत्री संजय जैन ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनता के जनादेश का सम्मान नहीं कर रही है और जनता के हितों की अनदेखी कर रही है। किसान देश में आत्महत्या कर रहे हैं जबकि सीमा पर जवान मारे जा रहे हैं। प्रदेश में सरकार ने देवभूमि में शराब की दुकानों के विरोध के बावजूद शराब को बढ़ावा देने वाली नीति बनाई है। युवा कांग्रेस नेता सभासद शम्मी प्रकाश ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। दोनों ही सरकारों ने अभी तक एक भी फैसला ऐसा नहीं लिया है जो जनता के हित में हो। देश में किसान, मजदूर, व्यापारी व युवा भाजपा सरकारों की जन विरोधी नीतियों के चलते निराश हैं। रोजगार के तेजी से कम होते अवसरों के चलते युवा आक्रोशित हैं। जनता के हितों की अनदेखी पर राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस अब भाजपा सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। इस दौरान शहर कांग्रेस महामंत्री अंकुर वर्मा, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष नीरज अग्रवाल, मुनीर अहमद, यश शर्मा, सुंदर चौहान, सोमेंद्र टंडन, रवि प्रकाश, साजिद अली, अमित वालिया, प्रेमप्रकाश अग्रवाल, सुबोध वर्मा, नरेंद्र बिष्ट, कुसुम कौशल, रेशमा अंसारी आदि मौजूद रहे।