Coronavirus: तबीयत बिगड़ने पर 16 जमाती आइसोलेशन वार्ड में भर्ती
कलियर में क्वारंटाइन 16 जमातियों को तबीयत बिगड़ने पर सिविल अस्पताल रुड़की के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया। ये सभी खांसी-जुकाम और बुखार से पीड़ित हैं।
रुड़की, जेएनएन। कलियर में क्वारंटाइन 16 जमातियों को तबीयत बिगड़ने पर सिविल अस्पताल रुड़की के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया। ये सभी खांसी-जुकाम और बुखार से पीड़ित हैं। उधर, अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती 13 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इन सबको अस्पताल से छुट्टी देकर घर पर क्वारंटाइन कर दिया है।
देशभर के विभिन्न शहरों से लौटे जमातियों को कलियर स्थित अलग-अलग गेस्ट हाउसों में 14 दिन के क्वारंटाइन किया गया है। रविवार को 16 जमातियों को बुखार के साथ खांसी-जुकाम की शिकायत हुई। एहतियात के तौर पर इन सबको सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया गया। सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने बताया कि सभी 16 जमातियों के सैंपल लेकर जांच के लिए हल्द्वानी स्थित लैब भेजे जा रहे हैं। 13 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।
दो गांवों से 20 जमातियों को किया क्वारंटाइन
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस की मदद से दो गांवों से 20 जमातियों की स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें कलियर स्थित एक गेस्ट हाउस में क्वारंटाइन किया है। इसके अलावा रुड़की निवासी एक जमाती को घर में ही क्वारंटाइन किया गया है।
बहादराबाद थाना क्षेत्र के हलवाहेड़ी गांव में जमात के लिए एक मस्जिद में रुके 12 लोगों को स्वास्थ्य विभाग की टीम पुलिस की मदद से कलियर लाई है। मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज डॉ. दिली रमन ने बताया कि इन सभी 12 लोगों के स्वास्थ्य की जांच के बाद उन्हें कलियर के एक गेस्ट हाउस में क्वारंटाइन कर दिया गया।
इसके अलावा माधोपुर गांव से लाए गए आठ जमातियों को कलियर स्थित गेस्ट हाउस में क्वारंटाइन किया गया। ये सभी जमाती दिल्ली से आए हैं। वहीं कोतवाली रुड़की पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग की मदद से दिल्ली से लौटे इमलीरोड निवासी एक जमाती को घर पर ही क्वारंटाइन कर दिया।
17 लोगों को किया होम क्वारंटाइन
रुड़की क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर स्वास्थ्य एवं पुलिस की टीम ने आठ लोगों को चिह्नित किया। ये लोग हाल ही में दिल्ली और अन्य शहरों से वापस लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनके घर पहुंचकर स्वास्थ्य जांच की। इसके बाद उन्हें घर पर क्वारंटाइन कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: चमोली जिले में बाहर से आए 1601 लोग होम क्वारंटाइन, टिहरी में ड्रोन से नजर
वहीं भगवानपुर क्षेत्र में दिल्ली से लौटे नौ लोगों को होम क्वारंटाइन किया गया है। उधर, पनियाला निवासी और दो लोगों को कलियर के एक गेस्ट हाउस में क्वारंटाइन किया गया है। यह दोनों कोरोना पॉजिटिव युवक के संपर्क में आए थे। इसके बाद कलियर में क्वारंटाइन होने वाले पनियाला के लोगों की संख्या 56 हो गई है।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: 94 लोगों के ब्लड सैंपल की जांच, 55 कोरोना रिपोर्ट निगेटिव