विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 29, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Weather Forecast for June: धीमा पड़ेगा बारिश का दौर, सूरज उगलेगा आग; जून में ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज

By Jagran NewsEdited By: Nirmala Bohra
Published: Mon, 29 May 2023 03:30 PM (IST)

Weather Forecast for June प्री मानसून अवधि में अभी तक राज्य को सामान्य से 41 प्रतिशत अधिक वर्षा मिली है। ...और पढ़ें

Weather Forecast for June: जून में सामान्य से कम वर्षा की संभावना है।
Weather Forecast for June: जून में सामान्य से कम वर्षा की संभावना है।

गणेश पांडे, चंपावत : Weather Forecast for June: पिछले वर्ष अक्टूबर से दिसंबर के बीच पोस्ट मानसून और फिर जनवरी-फरवरी में शीतकाल अवधि में वर्षा के लिए तरसती उत्तराखंड की धरती मार्च से मई के दौरान प्री मानसून में जमकर तर रही है। प्री मानसून अवधि में अभी तक राज्य को सामान्य से 41 प्रतिशत अधिक वर्षा मिली है।

जून में सामान्य से कम वर्षा की संभावना

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने मानसून अवधि के लिए जारी पूर्वानुमान में कहा है कि जून में सामान्य से कम वर्षा की संभावना है। वर्षा कम हुई तो जून में तपिश बढ़ेगी। पेयजल संकट भी बढ़ेगा। विशेष रूप से अभी तक राहत महसूस कर रहे मैदानी क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी सता सकती है। जून पहले पखवाड़े में ही तराई-भाबर का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है।

पिछले दिनों मौसम विज्ञान विभाग ने जून से सितंबर तक चलने वाली मानसून अवधि के लिए पूर्वानुमान जारी किया था। इस अवधि में देश में सामान्य वर्षा की उम्मीद है।

उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल व कुमाऊं के ऊंचाई वाले जिलों में सामान्य से कम वर्षा रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने कहा है कि जून में अपेक्षा से कम वर्षा होने की संभावना है, जबकि जुलाई व अगस्त में अच्छी वर्षा होगी।

तापमान में आएगी तेजी

जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डा. आरके सिंह का कहना है कि ऐसे में जून में कम वर्षा हुई तो तापमान में तेजी आएगी। पंतनगर, रुद्रपुर, काशीपुर में अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री तक जा सकता है। हल्द्वानी, टनकपुर में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है।

ऐसे में तपिश बेहाल करेगी। इस बार लू वाले दिन अधिक हो सकते हैं। आमतौर पर तीन से पांच दिन लू वाले रहते हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में दिन में चटक धूप रहेगी। रविवार को टनकपुर का अधिकतम तापमान 35.7, पंतनगर का 34.7 व चंपावत का 24.1 डिग्री रहा।

वर्षा वाले दिनों की संख्या सात से 10

मौसम विभाग के रिकार्ड के अनुसार जून माह में भाबर में वर्षा वाले दिनों की संख्या सात से आठ रहती है। जबकि चंपावत व मुक्तेश्वर में नौ से 10 दिन वर्षा देखने को मिलती है। मौसम विज्ञानी डा. आरके सिंह का कहना है कि वर्षा के दिनों की संख्या कम हुई तो उसका असर तापमान पर दिखेगा। मानसून अवधि में उत्तराखंड में 1162 मिमी वर्षा होती है। जून में 177 मिमी वर्षा होती है।