उत्तराखंड के 17 साल के अमीम का कमाल! Honda Shine के इंजन और स्कूटी के टायर से तैयार की Off-Roading Car
Uttarakhand News: चंपावत के 17 वर्षीय अमीम रहमान ने अपनी तकनीकी प्रतिभा से एक 'ऑफ रोडिंग कार' तैयार की है, ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, चंपावत । Champawat News: टनकपुर के मनिहारगोठ निवासी अमीम रहमान ने अपनी तकनीकी प्रतिभा से ‘आफ रोडिंग कार’ तैयार कर क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई है। कम उम्र में ही अपनी मेहनत और लगन से उन्होंने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है।
उनकी उपलब्धि से प्रभावित होकर नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार, अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल और सभासद हसीब अहमद ने अमीम को सम्मानित कर उसका उत्साह बढ़ाया।
17 वर्षीय अमीम ने करीब दो महीने तक लगातार मेहनत करते हुए विभिन्न असेंबल पार्ट्स को जोड़कर अपनी आफ रोडिंग कार तैयार की। कार में होंडा शाइन का इंजन और स्कूटी के टायर लगाए गए हैं। इसमें बैक गियर की सुविधा भी है। अमीम के मुताबिक कार की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक है। करीब एक लाख रुपये की लागत से तैयार की गई यह कार इन दिनों क्षेत्र में लोगों के बीच कौतूहल का विषय बनी हुई है।
करीब एक लाख रुपये की लागत
अमीम की इस उपलब्धि को लेकर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार ने कहा कि इतनी कम उम्र में तकनीकी क्षेत्र में रुचि लेकर कुछ नया करने का प्रयास करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने अमीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाना जरूरी है।
पालिका के अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल और सभासद हसीब अहमद ने भी अमीम के प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि उसकी मेहनत अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बन सकती है। उन्होंने अमीम को भविष्य में भी अपने हुनर को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। अमीम ने हाल ही में हाईस्कूल की परीक्षा दी है और वह भविष्य में इंजीनियरिंग के क्षेत्र में जाने का सपना देख रहा है। सम्मान मिलने के बाद अमीम ने कहा कि इससे उसका हौसला बढ़ा है और वह आगे भी तकनीकी क्षेत्र में कुछ नया करने का प्रयास करेगा।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि अमीम की उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणादायक है, जो अपनी प्रतिभा को सही दिशा देना चाहते हैं। यदि ऐसे हुनरमंद युवाओं को उचित मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध हों तो वे भविष्य में अपने क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।
पिता की वेल्डिंग की दुकान में काम करते हुए सीखा हुनर
अमीम ने आफ रोडिंग कार बनाने के लिए न तो कौशल विकास प्रशिक्षण लिया और न हीं कहीं से इसके लिए आर्थिक सहायता मिली। अपने पिता मुजीबल रहमान की वेल्डिंग की दुकान में काम करते हुए उन्होंने इस हुनर को सीखा। अमीम ने बताया कि उन्होंने आफ रोडिंग कार के बारे में पढ़ा था। स्कूल से खाली वक्त के दौरान पिता की दुकान में काम करने के दौरान उसके मन में आफ रोडिंग कार तैयार करने का विचार आया और दो माह की कठिन मेहनत के बाद कार तैयार कर दी। अमीम की मां नाजरा खातून गृहणी हैं।
क्या होती है ‘आफ रोडिंग कार’?
आफ रोडिंग कार वह विशेष वाहन है जो पक्की सड़कों के बजाए उबड़, खाबड़, पथरीले, कीचड़, रेत या ढलान वाले रास्तों पर चलने के लिए बना होता है। इसमें फोर व्हील ड्राइव सिस्टम, ऊंचा ग्राउंड क्लीयरेंस और मजबूत बाडी होती है।
