अनियंत्रित कार लधिया नदी में गिरी, चाचा-भतीजे घायल
शादी समारोह में जा रहे यात्रियों की कार नदी में गिर गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जागरण संवाददाता, चम्पावत/टनकपुर : खटीमा झनकट दोस्त की शादी में रविवार शाम शामिल होने जा रहे पिथौरागढ़ निवासी चाचा भतीजे की कार अनियंत्रित होकर लधिया नदी में गिर गई। गनीमत रही कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। मौके पर मौजूद आरजीबीएल कंपनी के लोगों ने दोनों को पानी से बाहर निकाला। गंभीर हालत में दोनों को 108 एंबुलेंस से टनकपुर संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। खबर लिखे जाने तक मुकुल को डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ के ग्राम दौला निवासी दीपक भट्ट 27 पुत्र भोपाल भट्ट अपने 20 वर्षीय भतीजे मुकुल कापड़ी पुत्र आनंद कापड़ी के साथ अपनी कार संख्या आरजे 13 पीसी 2370 से खटीमा झनकट जा रहे हैं। दीपक आर्मी में है। वह छुट्टी पर आया हुआ है। झनकट में उसके दोस्त की शादी थी। उसी में शामिल होने जा रहे थे। रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे चल्थी पुल के आगे निकलने पर आरजीबीएल कंपनी द्वारा पहाड़ी कटिंग का कार्य चल रहा है। वाहनों की लंबी लाइन लगी हुई थी। लोगों का कहना है कि उन्होंने कट मारते हुए कार को आगे निकालना चाहा जिससे कार अनियंत्रित होकर नीचे लधिया नदी में गिर गई। कार में पानी के गिरते ही आस-पास काम कर रहे आरजीबीएल कंपनी के श्रमिकों ने शोर मचाना शुरू किया और उन्हें पानी से निकालने का प्रयास किया। करीब आधे घंटे बाद दोनों को बाहर निकाला गया और चल्थी चौकी में घटना की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें टनकपुर संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां चाचा दीपक की हालत तो ठीक है लेकिन भतीजे मुकुल के सर में अधिक चोट होने के कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।