ड्यूटी पर लौट रहे शिक्षकों को क्वारंटाइन किए जाने से आक्रोश
लॉकडाउन में घर गए सरकारी अध्यापकों को अपने कार्य पर वापस लौटने पर क्वारंटाइन किए जाने का विरोध किया है।
चम्पावत, जेएनएन : लॉकडाउन में घर गए सरकारी अध्यापकों और कार्मिकों को अपने कार्य पर वापस लौटने के आदेश के बाद मुख्यालय लौटने वाले शिक्षकों को क्वारंटाइन किए जाने से शिक्षकों में आक्रोश पैदा हो गया है। शिक्षकों का कहना है कि निदेशक विद्यालयी शिक्षा द्वारा जारी आदेश पत्र में स्पष्ट लिखा हुआ है किए ड्यूटी के लिए नामित शिक्षकों को क्वारंटाइन नहीं किया जाएगा, लेकिन प्रशासन द्वारा मुख्यालय लौट रहे शिक्षकों को क्वारंटाइन किया जा रहा है।
एजुकेशनल मिनिस्ट्रीयल ऑफीसर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष नगेन्द्र कुमार जोशी ने बताया कि 19 मई 2020 को सचिव विद्यालयी शिक्षा आर मीनाक्षी सुंदरम द्वारा अध्यापकों एवं कर्मचारियों को विद्यालय लौटने के निर्देश दिए थे। सचिव के पत्र को आधार मानते हुए सभी प्रधानाचायरें द्वारा अपने विद्यालय में कार्यरत अध्यापकों एवं कार्मिकों को मुख्यालय वापस लौटने के आदेश जारी कर दिए हैं। इसी आदेश के तहत बाराकोट ब्लॉक के जीआइसी कामाजूला में कार्यरत अध्यापक उत्तम सिंह नेगी देहरादून से वाहन बुक करा कर लोहाघाट पहुंचे तो राजकीय पॉलिटेक्निक में स्क्रीनिंग के बाद उन्हें 14 दिन के क्वारंटाइन में भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा शिक्षकों को क्वारंटाइन करने से मुख्यालय लौट रहे शिक्षकों में असमंजस पैदा हो गया है। इधर राजकीय शिक्षक संघ ने भी ड्यूटी के लिए मुख्यालय लौट रहे शिक्षकों को क्वारंटाइन किए जाने पर आपत्ति जताई है। संघ का कहना है कि इससे शिक्षक ड्यूटी नहीं कर पाएंगे। राजकीय शिक्षक संघ के अध्यक्ष पान सिंह मेहता ने ड्यूटी के लिए आने वाले शिक्षकों को क्वारंटाइन न करने की अनुरोध किया है। उन्होंने शिक्षकों को सुरक्षा किट दिए जाने की भी मांग की है। =========== राइंका कामाज्यूला के शिक्षक को देहरादून से लौटने के बाद क्वारंटाइन कर दिया गया है। सचिव विद्यालय शिक्षा ने ड्यूटी में आने वाले शिक्षकों को क्वारंटाइन न करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षकों को क्वारंटाइन करने से वे ड्यूटी नहीं कर पाएंगे। सचिव विद्यालयी शिक्षा द्वारा इस संबंध में जारी शासनादेश की प्रति सीएमओ और सीएमएस को उपलब्ध करा दी गई है। शिक्षकों को क्वारंटाइन न करने का निवेदन किया गया है।
-आरसी पुरोहित, मुख्य शिक्षाधिकारी, चम्पावत