Move to Jagran APP

पंचायत की आधी सीटों पर प्रतिनिधित्व करेगी आधी आबादी

विनोद कुमार चतुर्वेदी चम्पावत त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में इस बार महिला जनप्रतिनिधियों का दबदबा रहन

By JagranEdited By: Published: Wed, 18 Sep 2019 10:50 PM (IST)Updated: Thu, 19 Sep 2019 06:37 AM (IST)
पंचायत की आधी सीटों पर प्रतिनिधित्व करेगी आधी आबादी
पंचायत की आधी सीटों पर प्रतिनिधित्व करेगी आधी आबादी

विनोद कुमार चतुर्वेदी, चम्पावत

loksabha election banner

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में इस बार महिला जनप्रतिनिधियों का दबदबा रहने वाला है। केंद्र सरकार से लेकर राज्य सरकार तक आधी आबादी को प्रतिनिधित्व करते देखा जा सकता है। तो इस बार पंचायत की आधी सीटों पर महिलाएं प्रतिनिधित्व करती नजर आएंगी, कारण कि पंचायत आरक्षण से बदले समीकरण के चलते राजनीतिक धुरंधरों ने अपनी पत्नियों के साथ बहु और बेटियों को मैदान में उतार दिया है। यही नहीं वोटरों के लिहाज से अपनी सरकार और अपना प्रतिनिधि चुनने में भी इस बार जिले की महिलाएं पुरुषों के साथ बराबरी का मुकाबला करेंगी।

चम्पावत ब्लॉक की 113 ग्राम पंचायतों में पुरुष मतदाताओं की संख्या जहां 34,413 है वहीं 32,452 महिला मतदाता हैं। पाटी ब्लॉक की 85 ग्राम पंचायतों में पुरुष मतदाता 22,710 हैं तो महिला वोटरों की संख्या 20,482 है। लोहाघाट ब्लॉक में तो मुकाबला और अधिक बराबरी का है। यहां की 67 ग्राम पंचायतों में 18,048 पुरुष वोटरों के सापेक्ष 17,112 महिला वोटर हैं। अमूमन यही स्थिति बाराकोट ब्लाक की भी है। यहां 48 ग्राम पंचायतों में पुरुष वोटर 13,024 हैं तो महिला वोटरों की संख्या 12,309 है। हालांकि नाम संशोधन और पुनरीक्षण के बाद मतदाताओं की संख्या का यह आंकड़ा अभी घट बढ़ सकता है, लेकिन यह तय है कि इस बार पंचायत चुनाव में वोटरों के लिहाज से महिलाओं की भागीदारी प्रभावशाली है। जनप्रतिनिधित्व के आंकड़ों पर गौर करें तो यहां भी महिलाएं पुरुषों के साथ बराबर की स्थिति में हैं। ब्लाक प्रमुख के कुल चार पदों में से दो पद महिलाओं के लिए रिजर्व हैं, इनमें एक पद सामान्य महिला तथा एक पद आरक्षित वर्ग के लिए है। जिला पंचायत सदस्य के 15 पदों में आठ पद महिलाओं के लिए छोडे़ गए हैं। सामान्य वर्ग के लिए पांच और आरक्षित वर्ग के लिए तीन पद रिजर्व हैं। क्षेत्रपंचायत में भी लगभग आधी सीटों पर महिला प्रतिनिधि चुनने जा रही हैं। चम्पावत ब्लॉक में 40 सीटों में से 20 सीटें महिलाओं के लिए छोड़ी गई हैं। इनमें सामान्य वर्ग के लिए 15 तथा आरक्षित वर्ग के लिए पांच सीटें हैं। लोहाघाट ब्लॉक की 34 सीटों के लिए 17 सीटें महिलाओं के लिए हैं, जिनमें सामान्य वर्ग की 12 तथा एससी,एसटी और ओबीसी के लिए पांच सीटें रिजर्व हैं। बाराकोट ब्लॉक में 20 में से 10 सीटें महिलाओं के लिए रिजर्व हैं। इनमें छह सामान्य वर्ग और चार आरक्षित वर्ग के लिए हैं। पाटी ब्लॉक में 40 में से 20 सीटें महिलाओं को दी गई हैं, सामान्य वर्ग के लिए 15 और आरक्षित वर्ग के लिए पांच सीटें तय की गई हैं।

=========

प्रधान पद के लिए ब्लॉकवार महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें

ब्लॉक कुल सीटें सामान्य वर्ग आरक्षित वर्ग

चम्पावत 113 42 15

पाटी 85 34 09

बाराकोट 48 17 07

लोहाघाट 67 25 09

=========

रबर स्टांप बनकर न रह जाएं महिला जनप्रतिनिधि

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में महिलाओं को आरक्षण मिलने के बाद राजनीतिक क्षेत्र में उनकी भागीदारी लगातार बढ़ रही है, लेकिन चुनाव जीतने के बाद जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी पहचान रबर स्टांप तक ही सीमित रह गई है। पिछले दो पंचवर्षीय चुनाव में भी विभिन्न पदों के लिए बड़ी संख्या में महिला प्रतिनिधि चुनकर आई, लेकिन अपवाद को छोड़कर उनका काम उनके पतियों ने किया। चम्पावत जिले में 60 फीसद पंचायतों का काम प्रधान पति करते रहे और महिलाएं चुनाव जीतने के बाद भी घर की चाहर दीवारी से बाहर नहीं निकल पाई। वर्ष 2017 में तत्कालीन डीएम ने बैठकों में प्रधानपतियों के आने पर रोक लगा दी थी, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। इस बार शैक्षिक योग्यता निर्धारित करने के बाद इस बार अब हालात में सुधार आने की उम्मीद है।

=======

पंचायत चुनाव में पत्नियों के नाम पर टिकट लाने की होड़

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पत्नियों के नाम पर टिकट लाने की होड़ शुस्हो गई है। कुंडली दिखाने के बाद राजयोग न होने की स्थिति में सामान्य सीटों पर पत्नियों को चुनावी मैदान में उतारा जा रहा है। पत्नियों का राजयोग फिट न बैठने पर भाभी और बहू के नाम से भी टिकट खरीदे जा रहे हैं। यह स्थिति ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत पदों में ज्यादा देखने को मिल रही है। चम्पावत, पाटी, बाराकोट एवं लोहाघाट ब्लॉकों में अब तक सामान्य सीटों पर महिलाओं के सबसे अधिक नामांकन पत्र बिके हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.