नंधौर वन सेंचूरी में बदहाल रास्ते से पर्यटक मायूस
संवाद सहयोगी, टनकपुर : नंधौर वन सेंचुरी में पर्यटकों की आवाजाही शुरू हो गई है मगर स
संवाद सहयोगी, टनकपुर : नंधौर वन सेंचुरी में पर्यटकों की आवाजाही शुरू हो गई है मगर सेंचुरी में बदहाल रास्तों से पर्यटकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को द्वाराहाट से पर्यटकों का पहला दल नंधौर पहुंचा और वन्यजीवों की गतिविधियों का भरपूर आनंद उठाया।
टनकपुर ककरालीगेट स्थित नंधौर वन सेंचुरी का एक वर्ष पूर्व क्षेत्रीय विधायक कैलाश गहतोड़ी ने शुभारंभ किया था। जिसके बाद वन विभाग ने वन सेंचुरी को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। जिसके बाद सैकड़ों की संख्या में पर्यटकों ने वन सेंचुरी का जमकर आनंद उठाया। इस वर्ष 15 नवंबर को दुबारा पर्यटकों के लिए वन सेंचुरी को खोल दिया। मगर तब से कोई पर्यटक नहीं पहुंचा। कारण कि वन विभाग ने सेंचुरी में जाने वाले रास्तों को ठीक नहीं कराया। रविवार को द्वाराहाट से पहला दल नंधौर पहुंचा। जिसमें सुधीर हर्बोला अपने परिवार के साथ नंधौर घूमने आए। जहां उन्होंने सेंचुरी का जमकर आनंद उठाया। वहां से आने के बाद बताया कि सेंचुरी के अंदर मार्ग की हालत बेहद खराब है। जिससे सभी का शरीर दर्द करने लगा है। गाइड नेचर सौरभ कलखुडि़या ने बताया कि रास्ता ठीक न होने के कारण वाहनों पर अत्यधिक लोड आ रहा है। जिससे वाहन खराब हो रहे हैं। ककरालीगेट से कलौनिया तक मार्ग की हालत बेहद खराब है। पर्यटक सुधीर ने बताया कि उन्हें बाघ के सिर्फ पंजे के निशान देखने को मिले। इधर वन विभाग से भी पर्यटकों ने रास्तों को ठीक करने की शिकायत की है। रेंजर गोविंद सिंह रजवार ने बताया कि नंधौर के कुछ रास्तों को ठीक कराया गया है। कुछ में अभी काम चल रहा है। वह भी जल्द ठीक हो जाएंगे।