कबाड़ बीनते कबाड़ी को मिला मोर्टार, मचा हड़कंप
संवाद सूत्र बनबसा कबाड़ बीनते वक्त एक कबाड़ी को झाड़ियों में भारतीय मोर्टार मिलने से क्षेत्र
संवाद सूत्र, बनबसा : कबाड़ बीनते वक्त एक कबाड़ी को झाड़ियों में भारतीय मोर्टार मिलने से क्षेत्र में खलबली मच गई। सूचना पर पुलिस ने कबाड़ी व मोर्टार को थाने ले आई और कबाड़ी से पूछताछ की। आर्मी की सूचना विंग ने 81 एमएम मोर्टार होने की पुष्टि की है। यह सही हालत में है बेकार। यह कह पाना मुश्किल है। बहरहाल पुलिस ने इसी जांच के लिए सेना को पत्र लिखा है। सेना के आने तक एहतियातन मोर्टार को थाने के पीछे एकांत में गड्ढे में दबा दिया है। क्षेत्र के नई बस्ती निवासी भौरन कबाड़ी का कार्य करता है। कबाड़ बीनकर अपना जीवन यापन करता है। शुक्रवार को भी वह कबाड़ बीनने गया था। स्टेडियम के पास कबाड़ बीनते वक्त उसे झाड़ी में अजीब से वस्तु दिखाई दी। हैरानी से देखते हुए उसने उसे उठाकर अपने थैले में डाल लिया और बाजार आकर लोगों को दिखाने लगा। जिसे देख लोग भी चौंक गए और घटना की सूचना थाना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस भी कबाड़ी के पास पहुंच गई और उसे थाने ले आई। मौके पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी आरएस नबियाल ने बताया कि जब अजीब सी वस्तु की जांच की गई तो वह मोर्टार था। इसकी सूचना आर्मी की खूफिया एजेंसी को दी गई। जिसकी जांच के बाद उन्होंने बताया कि यह भारतीय मोर्टार 81 एमएम है। यह चालू हालत में या डिफ्यूज है। यह बताने में पुलिस असमर्थ है। प्रभारी थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह मनराल ने बताया कि यह भारतीय मोर्टार है। इसी सूचना सेना को दी गई है। सेना का कहना है कि बनबसा व पिथौरागढ़ में मोर्टार के बारे में जानने वाला कोई नहीं है। उन्होंने उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया है। टीम आने के बाद ही इसकी जांच कर बता पाएगी। सुरक्षा की दृष्टि से मोर्टार को थाने के पीछे एकांत जगह में गड्ढे में दबा दिया है। कबाड़ी भौरन से पूछताछ की जा रही है।
======== बनबसा में कभी नहीं हुआ मोर्टार का परीक्षण
थानाध्यक्ष मनराल ने बताया कि सेना से मोर्टार परीक्षण के बारे में पूछा गया तो सेना अधिकारियों ने कहा कि बनबसा पिथौरागढ़ में आज तक मोर्टार का परीक्षण नहीं किया गया। अब बनबसा में यह मोर्टार कहां से आया या फिर कौन लेकर आया। यह सेना व खुफिया एजेंसियों के लिए बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। इधर, भारत पाक के लिए चल रहे तनाव के बीच क्षेत्र में मोर्टार का इस तरह मिलना और चिंतनीय है।