चम्पावत में होली पर्व की धूम
संवाद सहयोगी चम्पावत जनपद के विभिन्न गांवों में खड़ी होली की धूम मची है। सुबह शाम ठंड
संवाद सहयोगी, चम्पावत : जनपद के विभिन्न गांवों में खड़ी होली की धूम मची है। सुबह शाम ठंड के बावजूद होल्यार पूरी तरह होली गायन में डूबे हुए हैं। बाजार में भी रंगों की होली खूब मस्ती के साथ खेली जा रही है। जनपद के सभी भागों में होली अब पूरे शबाब पर आ गई है। गांवों में सुबह 10 बजे के बाद ढोल व मजीरे की थाप पर शुरू हुआ होली गायन देर सायं तक चल रहा है।
चम्पावत में बुधवार को नगर के सभी वार्डो व ग्रामीण क्षेत्रों में होल्यारों ने अपने गायन से पूरी मस्ती का समा बांधा है। होल्यारों ने घर घर जाकर 'धन्य कर्म तेरी लीला वो टलने की नाम, जो विधि राखे वर्ना वो मिटने की नाम, राम लखन वन को चले सीता लागी साथ', कैलास बसे एक देव निरंजन, अमर कथा शिव शंकर की' आदि होली गायन कदम से कदम मिला कर किया। होल्यारों का उत्साह देखते ही बन रहा था। होल्यार एक-एक बोल को उतार-चढ़ाव के साथ हाव-भाव मिलाते हुए गा रहे थे। एकादशी से शुरू होली गायन छलड़ी तक चलेगा। होली गायन में पुरुष, महिलाएं, बूढ़े व बच्चे भी बढ़चढ़ कर भागीदारी कर रहे हैं। वहीं मैदानी क्षेत्रों में भी लोग होली की मस्ती में रंगे दिखाई दिए। होल्यारों ने घर-घर जाकर होली के गीतों के साथ खूब मस्ती की और एक दूसरे को गीले व सूखे रंग लगाए। जहां भी होल्यारों ने होली गाई वहां गुजिया, नमकीन, मिष्ठान सहित विभिन्न पकवानों से होल्यारों का स्वागत किया। पूरा जिला होली के रंग में सराबोर रहा।