विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड के देवीधुरा में शुरू हुआ विश्व प्रसिद्ध मेला, 28 अगस्त को होगी ऐतिहासिक बगवाल

Published: Sun, 23 Aug 2026 12:54 PM (IST)

विश्व प्रसिद्ध मां बाराही धाम देवीधुरा में ऐतिहासिक बगवाल मेले का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया।

HighLights

  1. कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मेले का उद्घाटन किया

  2. मेला 23 अगस्त से 4 सितंबर, बगवाल 28 अगस्त को

  3. पारंपरिक पत्थरों से युद्ध की अनूठी परंपरा का निर्वहन

संवाद सहयोगी, देवीधुरा। चम्पावत जिले के प्रसिद्ध मां बाराही धाम देवीधुरा में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक बगवाल मेले का शुभारंभ रविवार को हो गया। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मेले का उद्घाटन किया।

मेला समिति के अध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने बताया कि मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेला 23 अगस्त से चार सितंबर तक चलेगा, जबकि इसका मुख्य आकर्षण बगवाल 28 अगस्त को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ खोलीखाड़ी मैदान में आयोजित होगी।

28 अगस्त को होगी ऐतिहासिक बगवाल 

मां बाराही धाम उत्तराखंड के प्रमुख शक्तिपीठों में शामिल है। धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं के लिए प्रसिद्ध इस मेले में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं।

मेले का मुख्य आकर्षण बगवाल 28 अगस्त को खोलीखाड़ी मैदान में होगी। इसमें चार खामों के बगवाली  पारंपरिक परिधानों में शामिल होकर पत्थरों से युद्ध की अनूठी परंपरा का निर्वहन करते हैं। मान्यता है कि यह आयोजन मां बाराही को प्रसन्न करने के लिए किया जाता है।

धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आयोजित

मेले के दौरान विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक, खेल, बौद्धिक और शैक्षिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। मां बाराही मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। स्थानीय महिलाओं द्वारा आंचलिक परिधानों में प्रस्तुत किया जाने वाला झोड़ा गायन भी मेले का प्रमुख आकर्षण रहेगा।

मंदिर समिति और स्थानीय व्यापारियों से धाम को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की अपील की गई है।मेले की तैयारियों में पीठाचार्य कीर्ति बल्लभ जोशी, लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, हयात सिंह, खीम सिंह लमगड़िया, ईश्वर सिंह, विनोद जोशी, नवीन राणा, लक्ष्मी दत्त जोशी, योगेश, नरेश सिंह, रोशन लमगड़िया, त्रिलोक सिंह, चंदन सिंह और रमेश राणा जुटे हुए हैं।

यह भी पढ़ें- सीएम धामी ने किया मां वाराही धाम का शिलान्यास, बोले- बग्वाल हमारी वीरता, परंपरा और सामूहिक आस्था का संगम

यह भी पढ़ें- बग्वाल खेलने वाले योद्धाओं को जारी होंगे पहचानपत्र, चारों खामों का अलग-अलग पहनावा अनिवार्य