विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे चंपावत, 98.18 करोड़ की 20 योजनाओं की दी सौगात

By Brijesh PandeyEdited By: Nirmala Bohra
Published: Sun, 18 Oct 2026 01:11 PM (IST)Updated: Sun, 18 Oct 2026 02:25 PM (IST)

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 18 अक्टूबर को चंपावत में 98.18 करोड़ रुपये की 20 विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी. File Photo

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी. File Photo

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 18 अक्टूबर को चंपावत जिले में 98.18 करोड़ रुपये की 20 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 67.24 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 30.94 करोड़ रुपये की नौ योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

योजनाओं के जरिए सड़क, शिक्षा, पर्यटन, खेल, ग्रामीण सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं को विस्तार देने की तैयारी है। बनबसा में स्टेडियम की सुविधाओं के विकास और बैडमिंटन हॉल निर्माण पर भी जोर रहेगा।

67.24 करोड़ रुपये की 11 योजनाएं शामिल

लोकार्पण की सूची में 67.24 करोड़ रुपये की 11 योजनाएं शामिल हैं। इनमें चंपावत के नागार्जुन पार्क का विस्तार एवं सौंदर्यीकरण, शवदाह गृह को विद्युत शवदाह गृह, गैस भट्टी अथवा पारंपरिक विधि से संचालित करने की व्यवस्था, टकनागूंठ-डांडामंडला और सिटी-न्याड़ी मोटर मार्गों से जुड़े कार्य प्रमुख हैं। लोहाघाट क्षेत्र में रौंसाल-दुंगराखोला-चकसिलकोट तथा मरौड़ाखान-छेड़ा असबाड़ मोटर मार्गों का उच्चीकरण भी सूची में शामिल है।

इसके अलावा सर्किट हाउस के विस्तारीकरण, उच्चीकरण एवं अनुरक्षण पर 11.41 करोड़ रुपये, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान चंपावत में कार्यशाला एवं तकनीकी प्रयोगशाला निर्माण पर 6.76 करोड़ रुपये तथा कलक्ट्रेट के अपूर्ण प्रशासनिक भवन के निर्माण पर 3.46 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। आपदा की दृष्टि से महत्वपूर्ण दूरस्थ क्षेत्रों में वायरलेस नेटवर्क की स्थापना और टनकपुर में 98 बेड के महिला छात्रावास का निर्माण भी लोकार्पण की योजनाओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां आज कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। विकास योजनाओं के माध्यम से सामान्य आदमी का जीवन सरल होना चाहिए और चंपावत एक विशिष्ट पहचान बनाए। चंपावत को आदर्श जिला बनाने के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रहे है।

इस दौरान उन्होंने गांवों के विकास के लिए प्रत्येक ग्राम सभा को 10-10 लाख रूपये, अधिवक्ता चैंबर का निर्माण और न्याय पंचायत भवन जिन ग्राम सभाओं में नहीं है, उसके निर्माण की घोषणा की। सीएम ने कहा कि विकास कार्य तेजी से हो रहा है, इसके बावजूद विपक्ष के पेट में मरोड़ उठती है। वह यहां के विकास को देख लोगों को भ्रमित कर विकास को प्रभावित करने की सोच रखते हैं। लेकिन इसका जवाब विकास कार्यों से ही दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चंपावत सर्किट हाउस में आयोजित बार संघ के शपथ ग्रहण समारोह में सम्मिलित हुए और पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इसके बाद उन्होंने जिले के विकास के लिए चल रही और पूरी हो चुकी 20 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान कहा कि हमारा लक्ष्य आने वाली पीढ़ी को सुविधासंपन्न चंपावत देना है। भविष्य की चुनौतियों के आधार पर यहां काम चल रहा है। विकास के लिए यहां हर कार्य हो रहा है।

सड़कों का चौड़ीकरण, जाम मुक्त शहर के लिए पार्किंग, रोडवेज, आईएसबीटी आदि कार्य चल रहे हैं। इसे सिर्फ आवागमन का जरिया नहीं, दैनिक जीवन को सुगम बनाने पर कार्य चल रहा है। ड्रेनेज प्लान के लिए 66 करोड़, पेयजल व्यवस्था के लिए 240 करोड़ की लागत से कार्य चल रहा है। इसके अलावा कई अन्य कार्य भी गतिमान है। सीएम ने कहा कि ऐतिहासिक फैसले हमारी सरकार ले रही है, जो पिछली सरकार नहीं कर सकी। नकलरोधी कानून लाने के बाद अब तक 35 हजार युवाओं का चयन सरकारी नौकरी के लिए हुआ है।

जब जब हमारी सरकार बड़ा फैसला लेती है विपक्ष को अपच होती है। दशकों तक सत्ता में रहने के बाद भी विपक्ष की कभी नियत साफ न थी। फूट डालों शासन करो कि नीति अपनाई। उत्तराखंड बनने के बाद यही काम यहां करने लगे हैं। कभी शर्मनाक हार का कारण इवीएम को देते है। कहा कि विपक्ष के सभी नेताओं से पूछना चाहता हूं कि कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी ने अजीत डोभाल को राष्ट्रविरोधी बताया है, क्या आप इनका समर्थन करते हैं। लेकिन यह नहीं बोलेंगे, क्योंकि इन्हें अपनी आकाओं की चाटुकारिता करनी है।

सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अंकिता भंडारी हत्याकांड को इंगित करते हुए कहा कि कांग्रेस के लिए किसी बेटी के इंसाफ़ का कोई मायने नहीं बल्कि राजनीति की रोटी सेकना है। इसके लिए बेटी का इस्तेमाल कर रहे हैं। हाल ही में राहुल गांधी पर महिला पत्रकार से अभद्रता मामले में प्राथमिकी दर्ज हुई, आज वह महिला सम्मान की बात कर रहे हैं। विपक्ष चाहे जितनी साजिश करें झूठ फैलाए, हम डरने वाले नहीं है। न ही विकास की रफ्तार रुकेगी। विपक्ष की ओछी राजनीति का जवाब विकास और योजनाएं देंगी। उत्तराखंड के विकास, देवभूमि की अस्मिता के लिए अनवरत रूप से कार्य करते रहेंगे।

30.94 करोड़ की नौ योजनाओं का शिलान्यास

शिलान्यास की योजनाओं में जिले के विभिन्न गांवों में चेन लिंक फेंसिंग के लिए 14.90 करोड़ रुपये, देवामार में मल्टी लेवल पार्किंग के लिए 9.80 करोड़ रुपये, राजकीय इंटर कॉलेज चंपावत में चार कक्षा-कक्षों के निर्माण के लिए 1.28 करोड़ रुपये तथा छतार में कुमाऊंनी शैली के घंटाघर के निर्माण के लिए 1.11 करोड़ रुपये शामिल हैं। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने पर 1.65 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

बनबसा के चूना भट्टा स्थित स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन करम चंद स्टेडियम में तीन कार्यों पर 68 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें दर्शकदीर्घा निर्माण के लिए 28 लाख, बाउंड्री वॉल के लिए 20 लाख और पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 20 लाख रुपये शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत 1.50 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बैडमिंटन हॉल का निर्माण किया जाएगा। इन चारों कार्यों की कुल लागत 2.18 करोड़ रुपये है।

पर्यटन से लेकर खेल सुविधाओं तक बढ़ेंगी संभावनाएं

योजनाओं के पूरा होने से जिले में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है। सड़क सुधार से ग्रामीण क्षेत्रों की आवाजाही आसान हो सकती है, महिला छात्रावास से छात्राओं को आवासीय सुविधा मिलेगी और आईटीआई में आधुनिक प्रशिक्षण संसाधनों का विस्तार होगा। नागार्जुन पार्क के सुंदरीकरण तथा घंटाघर निर्माण से सार्वजनिक स्थलों का आकर्षण बढ़ सकता है। वहीं चेन लिंक फेंसिंग से वन्यजीव प्रभावित क्षेत्रों में खेती की सुरक्षा और सोलर स्ट्रीट लाइट से ग्रामीण इलाकों में प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने में मदद मिल सकती है।

बनबसा में स्टेडियम की दर्शकदीर्घा, बाउंड्री वॉल और पहुंच मार्ग के निर्माण से खेल गतिविधियों के संचालन में सुविधा बढ़ने की उम्मीद है। बैडमिंटन हॉल बनने से खिलाड़ियों को इनडोर खेलों के अभ्यास के लिए स्थान उपलब्ध होगा। हालांकि इन योजनाओं का वास्तविक लाभ निर्माण की गुणवत्ता, समयबद्ध पूर्णता और नियमित रखरखाव पर निर्भर करेगा।