विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंपावत में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का शुभारंभ, सीएम धामी ने कहा- स्वास्थ्य सुविधाओं को मिली मजबूती

Published: Thu, 20 Aug 2026 01:42 PM (IST)

मुख्यमंत्री धामी ने चंपावत में 50 लाख की ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का वर्चुअल शुभारंभ किया, जिससे आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को स्थानीय स्तर पर रक्त घटक मिलेंगे।

HighLights

  1. चंपावत में 50 लाख की ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट शुरू

  2. आपातकालीन मरीजों को स्थानीय स्तर पर रक्त घटक मिलेंगे

  3. मुख्यमंत्री धामी ने चंपावत को आदर्श मॉडल बनाने का संकल्प दोहराया

चंपावत : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिला अस्पताल स्थित 50 लाख रूपये की लागत से नवनिर्मित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। इस दौरान कहा कि चंपावत उनके लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि कर्मभूमि है और यहां की जनता उनका परिवार है। उन्होंने कहा कि चंपावत को विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में पूरे उत्तराखंड के लिए आदर्श मॉडल बनाने का संकल्प है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए यह ऐतिहासिक दिन है। कुमाऊं मंडल में पिथौरागढ़ और रुद्रपुर के बाद चंपावत जिला अस्पताल में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की सुविधा शुरू हुई है। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आवश्यक जीवनरक्षक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर समय से उपलब्ध हो सकेंगे।

उन्होंने कहा कि चम्पावत में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक, सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस जैसी सुविधाएं विकसित की जा चुकी हैं। डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण भी जारी है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

चम्पावत को आदर्श जिला बनाने के लिए आधुनिक पार्किंग, सिटी ड्रेनेज सिस्टम, भूमिगत विद्युत लाइन, बेहतर पेयजल व्यवस्था, साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और आधुनिक आईएसबीटी जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम हो रहा है। वहीं ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट के माध्यम से दान किए गए रक्त को पैक्ड रेड ब्लड सेल्स (पीआरबीसी), प्लाज्मा और प्लेटलेट्स में अलग किया जा सकेगा। मरीज की बीमारी और चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार संबंधित रक्त घटक उपलब्ध कराया जाएगा। इससे एक यूनिट रक्त का वैज्ञानिक एवं जरूरत के अनुरूप उपयोग सुनिश्चित होगा और अलग-अलग जरूरतमंद मरीजों को लाभ मिल सकेगा।

आपात स्थिति में मिलेगी राहत

दुर्घटना, प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव, सर्जरी, गंभीर बीमारी और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में यह सुविधा बेहद उपयोगी साबित होगी। आवश्यक रक्त घटक के लिए मरीजों को अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों में रेफर करने की जरूरत भी कम होगी। इससे उपचार में महत्वपूर्ण समय की बचत होगी और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों व उनके स्वजन को राहत मिलेगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा देवेश चौहान ने कहा कि यूनिट जनपद में गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इससे स्वैच्छिक रक्तदान को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने नागरिकों से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामन्त, जिला महामंत्री मुकेश कलखुडिया, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।