सड़क पर पलटी बुलेरो, चालक समेत तीन घायल
पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर घाट के पास एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस हादसे में वाहन चालक समेत तीन लोग घायल हो गए।
संवाद सहयोगी लोहाघाट : पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर घाट के पास एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। घटना में एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि दो को मामूली चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को पिथौरागढ़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो लोगों का इलाज लोहाघाट सीएचसी में किया जा रहा है। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
एसआइ देवेंद्र सिंह मेहता के मुताबिक बोलेरो वाहन संख्या-यूके 06, एवाई 5448 सोमवार को गंगोलीहाट से खटीमा जा रहा था। सुबह आठ बजे करीब घाट के पास अनियंत्रित होकर वाहन सड़क पर पलट गया। हादसे में वाहन चालक गोविंद सिंह (34) पुत्र दीवान सिंह, त्रिलोक सिंह पुत्र लाल सिंह (67) दोनों निवासी झनकट खटीमा और आनंद सिंह पुत्र नैन सिंह निवासी डीडीहाट घायल हो गए। जिसमें त्रिलोक सिंह को गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी के बाद लोहाघाट पुलिस मौके पर पहुंची और उसने घायलों को अस्पताल भिजवाया। त्रिलोक सिंह को उपचार के लिए जिला अस्पताल पिथौरागढ़ भेजा गया है। मामूली रूप से घायल अन्य दो लोगों को लोहाघाट अस्पताल में भर्ती किया गया है। दुर्घटना के बाद एनएच पर कुछ देर के लिए जाम लग गया। बाद में सड़क पर पलटे वाहन को किनारे लगाकर वाहनों की आवाजाही सुचारू की गई।