टनकपुर में चादी का मुकुट पहनाकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत का स्वागत
चम्पावत के टनकपुर में रविवार देर शाम पहली बार पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत का चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया गया।
टनकपुर, जेएनएन : टनकपुर में रविवार देर शाम पहली बार पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत को क्षेत्रीय विधायक कैलाश गहतोड़ी ने चादी का मुकुट पहनाकर व तलवार भेंट कर स्वागत किया।
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद रविवार को पहली बार जनपद में पहुंचे बंशीधर भगत का विधायक कैलाश चंद्र गहतोड़ी, पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष को चार बजे पहुंचना था, लेकिन वह करीब छह बजे पहुंचे। इससे इंतजार कर रहे कार्यकर्ताओं का जोश कतई कम नहीं हुआ। इसके बाद बाइक व कारों के विशाल काफिले के साथ प्रदेश अध्यक्ष बनबसा होते हुए टनकपुर पहुंचे। काफिलों के साथ कार्यकर्ता पीलीभीत चुंगी से पिथौरागढ़ चुंगी होते हुए नगर के विभिन्न मार्गो से लोनिवि के विश्राम गृह पहुंचे। जहां कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं व गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने संगठन की मजबूती के साथ-साथ कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का भी आह्वान किया। विधायक गहतोड़ी ने भगत का स्वागत करते हुए कहा कि इनकी अगुवाई में प्रदेश में संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी व कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य करेंगे। साथ ही उन्होंने 2022 के चुनाव के लिए भी कार्यकर्ताओं से अभी से जुटने का आह्वान किया। कहा कि अगले चुनाव में भाजपा 60 सीटों पर काबिज होकर पुन: सत्ता में आएगी। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री राजू भंडारी, मंडी समिति अध्यक्ष राम दत्त जोशी, पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार, शिवराज सिंह कठायत, रोहिताश अग्रवाल, हेमा जोशी, विमला सजवान, किरन देवी, उर्मिला चंद, विद्या जुकरिया, दीपक रजवार, पूरन महरा आदि मौजूद रहे।