बदहाल सड़क ने बनबसा नगर के लोगों की बढ़ाई दुश्वारी
संवाद सूत्र, बनबसा : पाटनी तिराहे से मीना बाजार तक नगर की मुख्य सड़क खस्ताहाल हो गई है। लगभग 500 मीटर तक सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। इससे वाहनों में सफर करना और पैदल चलना काफी मुश्किल हो गया है। इस मार्ग पर न केवल प्रमुख सरकारी कार्यालय हैं अपितु नेपाल के लिए भी वाहन इसी मार्ग से आवाजाही करते हैं।
भारत-नेपाल को जोडऩे के साथ नगर के आवागमन का मुख्य मार्ग बदहाल होने से यहां के लोगों में खासा आक्रोश है। बदहाली का आलम यह है कि पूरी सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। वर्षा के दौरान पूरी सड़क पर पानी भरने से पता ही नहीं चलता है कि सड़क पर गड्ढे हैं या गड्ढों पर सड़क है। कई दोपहिया वाहन चालक रपट कर चोटिल भी हो चुके हैं। नगर का सबसे व्यस्त मार्ग होने के कारण यहां से भारत-नेपाल के बीच आवागन करने वाले वाहन, स्कूली बसें और नगर वासी गुजरते हैं। सड़क बदहाल होने से दुर्घटना का भय बना रहता है। नगरवासियों द्वारा समय-समय पर सड़क को दुरुस्त करने की मांग की जाती रही है, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अंतिम बार इस सड़क का जीर्णोद्धार आठ साल पहले किया गया था। इस मार्ग के रखरखाव की जिम्मेदारी टनकपुर पावर स्टेशन एनएचपीसी की है, लेकिन वह भी उदासीन बना हुआ है। नगर पंचायत की ईओ प्रियंका रैकवाल ने बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष की पहल पर राज्य अवस्थापना निधि से सड़क की मरम्मत का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
======
नगर की मुख्य सड़क बदहाल होने से लोगों को काफी परेशानी का सामान करना पड़ रहा है। नगर पंचायत द्वारा कई बार सड़क पर डामरीकरण करने की मांग की जा चुकी है, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। राज्य अवस्थापना निधि से सड़क सुधारने का प्रस्ताव भेजा गया है। इस पर मुख्यमंत्री द्वारा सकारात्मक आश्वासन भी दिया गया है।
-रेनू अग्रवाल, अध्यक्ष, नगर पंचायत
=======
उन्होंने कुछ समय पूर्व ही यहां का चार्ज लिया है। सड़क के संबंध में उन्हें जानकारी नहीं है। अधिकारियों से इसकी जानकारी लेकर आगे का कदम उठाया जाएगा।
-राजीव सचदेवा, प्रभारी महाप्रबंधक, एनएचपीसी