रामलीला मैदान में आज टनकपुर के 762 व्यापारी चुनेंगे अपना प्रतिनिधि
नगर उद्योग व्यापार मंडल के चुनाव को लेकर शुक्रवार यानि 18 दिसंबर को रामलीला मैदान में मतदान होगा।
टनकपुर, जेएनएन: नगर उद्योग व्यापार मंडल के चुनाव को लेकर शुक्रवार यानि 18 दिसंबर को रामलीला मैदान में मतदान व मतगणना होगी। 762 व्यापारी मतदान कर अपना प्रतिनिधि चुनेंगे। मतदान से पूर्व अंतिम दिन प्रत्याशियों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी। कई प्रत्याशियों ने रैली निकाल व्यापारियों को अपनी ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।
नगर उद्योग व्यापार मंडल चुनाव को लेकर बाजार में काफी चहल पहल बनी हुई है। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री पद के उम्मीदवार मैदान में हैं। सभी पदों के प्रत्याशी अपनी-अपनी प्राथमिकताएं बताकर व्यापारियों को अपनी ओर आकर्षित करने का प्रयास कर रहे हैं। इस बार व्यापार मंडल चुनाव के लिए करीब दो सौ व्यापारियों के वोट बढ़े हैं। व्यापारियों के बढ़ने से इस बार चुनाव में प्रत्याशियों के बीच खासी टक्कर देखने को मिलेगी। अध्यक्ष पद पर मनोज कुमार प्रजापति, शाहिद हुसैन, मुकेश भट्ट, उपाध्यक्ष पद पर संजय कुमार उर्फ चीनू, अंकित अग्रवाल, महामंत्री पद पर निगम गुप्ता, संजय पांडेय व गिरीश वर्मा खड़े हैं। सभी प्रत्याशी अपनी-अपनी प्राथमिकताएं बता रहा है। अंतिम दिन गुरुवार को प्रत्याशियों ने प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी। प्रत्याशियों ने रैली भी निकाली। चुनाव अधिकारी धर्मानंद पांडेय ने बताया कि पिछले चुनाव में करीब 550 मतदाताओं ने प्रत्याशियों को वोट दिया, लेकिन इस बार दो सौ से अधिक व्यापारी मतदाता बढ़े हैं। सुबह नौ बजे से रामलीला मैदान में मतदान शुरू होगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। कोविड को ध्यान में रखते हुए इस बार चुनाव रामलीला मैदान में हो रहे हैं। जिससे शारीरिक दूरी का पालन किया जा सके।