चम्पावत के जवाहर नवोदय विद्यालय में 176 प्रवासी क्वारंटाइन
चम्पावत में लॉकडाउन के दौरान बाहरी राज्यों एवं जिलों से प्रवासियों को लाए जाने का क्रम जारी है।
संवाद सहयोगी, चम्पावत : लॉकडाउन के दौरान बाहरी राज्यों एवं जिलों से प्रवासियों को लाए जाने का सिलसिला लगातार जारी है। शनिवार को ट्रेनों से पहुंचे हजारों लोगों को उनके घरों तक पहुंचा दिया गया है। इधर टनकपुर लाए गए 176 प्रवासियों को जगह के अभाव में जिला मुख्यालय के जवाहर नवोदय विद्यालय में क्वारंटाइन किया गया। इनमें से 158 लोग मुंबई से आए हैं। सोमवार को इन सभी की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। इनमें से कुछ बुजुर्ग और छोटे बच्चों को टीआरसी में भी क्वारंटाइन किया गया है।
प्रवासियों की थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ग्राम पंचायत व स्कूलों में क्वारंटाइन किया जा रहा है। मुंबई और दिल्ली से आने वाले आठ लोगों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद प्रशासन ने मुंबई, दिल्ली समेत अन्य राज्यों से आने वाले लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। शनिवार को मुंबई से ट्रेन से हरिद्वार पहुंचे लोगों को रात में टनकपुर लाया गया। इन सभी को टनकपुर में क्वारंटाइन किया जाना था लेकिन नेपाली नागरिकों की अधिकता के चलते प्रशासन ने इन लोगों को क्वारंटाइन करने से मना कर दिया।
बाद में इन्हें सात बसों से चम्पावत नवोदय विद्यालय भेजकर क्वारंटाइन करना पड़ा। क्वारंटाइन किए गए 176 लोगों में 142 पुरुष, 19 महिला तथा 15 बच्चे हैं। एसडीएम अनिल गब्र्याल ने बताया कि इसमें मुंबई से 158,आगरा से सात, हरियाणा से दो, गुरुग्राम से चार, जालंधर से तीन, आगरा से छह तथा गुजरात से आया एक व्यक्ति शामिल है।
------------
कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद अब जिला ऑरेंज जोन में आ गया है। दिल्ली और मुबंई से भी बड़ी संख्या में प्रवासियों के आने का सिलसिला शुरू को गया है। लोगों से अपील है कि वे सावधानी बरतें। प्रशासन मुस्तैदी से काम कर रहा है।
-टीएस मर्तोलिया, एडीएम चम्पावत